

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह पूरी गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में पुलिस व विभिन्न सुरक्षा बलों की टुकड़ियों समेत भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य के युवाओं, रोजगार, कानून-व्यवस्था और आधुनिक तकनीक पर विशेष जोर देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
प्रदेश के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ पुलिस बल की भर्ती में सैन्य सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों को 10 प्रतिशत का सीधा आरक्षण दिया जाएगा।
सरकार के इस कदम से केंद्र सरकार की 'अग्निपथ योजना' के तहत अपनी सेवाएं पूरी करने वाले राज्य के युवाओं को पुलिस विभाग में प्राथमिकता मिलेगी और उनके लिए सरकारी नौकरी पाने की राह और आसान हो जाएगी।
युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जल्द ही बड़े पैमाने पर शिक्षक भर्ती शुरू करने का भी ऐलान किया। इस घोषणा से लंबे समय से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।
यद्यपि पदों की सटीक संख्या और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत नियमावली आने वाले दिनों में विभागीय स्तर पर जारी की जाएगी। अपने भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने खेल के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली भारोत्तोलक (वेटलिफ्टर) ज्ञानेश्वरी यादव की सफलताओं की भी सराहना की।