
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में महंगे एलपीजी सिलिंडर और बार-बार होने वाली सप्लाई समस्या के बीच अब लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। शहर की बड़ी रिहायशी सोसायटियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है। स्मार्ट तकनीक से लैस इस व्यवस्था में उपभोक्ताओं को सिलिंडर बुकिंग, डिलीवरी और गैस खत्म होने की परेशानी से छुटकारा मिलेगी। खास बात यह है कि स्मार्ट प्री-पेड मीटर में बैलेंस खत्म होने पर गैस सप्लाई बंद होगी, लेकिन मोबाइल से रिचार्ज करते ही दो मिनट के भीतर फिर शुरू हो जाएगी।
राजधानी की छह बड़ी सोसायटियों में पाइपलाइन नेटवर्क पहुंच चुका है और कई जगहों पर टेस्टिंग की तैयारी चल रही है। केंद्र सरकार की शहरी गैस वितरण योजना और छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति-2026 के तहत यह परियोजना लागू की जा रही है। कंपनी का दावा है कि पीएनजी एलपीजी की तुलना में करीब 20 प्रतिशत तक सस्ती पड़ेगी। अगले दो वर्षों में रायपुर के 20 हजार घरों तक पाइप गैस पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
राजधानी की मारुति लाइफ स्टाइल, कबीर हाइट्स, इंपीरियल हाइट्स, हर्षित ज्वेल्स, बरसाना इनक्लेव और डीएम टावर सोसायटी तक गैस पाइपलाइन पहुंच चुकी है। कई स्थानों पर मीटर इंस्टालेशन और घरेलू कनेक्शन का काम अंतिम चरण में है। कंपनी अधिकारियों के अनुसार टेस्टिंग पूरी होने के बाद उपभोक्ताओं को नियमित सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। फाफाडीह, देवेंद्र नगर और शंकर नगर क्षेत्र में भी जल्द काम शुरू होने की तैयारी है।
हर घर में स्मार्ट प्री-पेड गैस मीटर लगाया जा रहा है। इसमें मोबाइल सिम आधारित तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उपभोक्ता मोबाइल से बैलेंस रिचार्ज कर सकेंगे। बैलेंस खत्म होने पर गैस सप्लाई स्वतः बंद होगी, लेकिन रिचार्ज के दो मिनट के भीतर दोबारा चालू हो जाएगी। कंपनी का कहना है कि इससे बिलिंग विवाद, गैस चोरी और अनियमित खपत जैसी समस्याएं कम होंगी। उपभोक्ता जरूरत के अनुसार गैस उपयोग नियंत्रित कर सकेंगे।
गैस पाइपलाइन बिछाने से पहले ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार सिस्टम से जमीन के भीतर मौजूद बिजली केबल, पानी पाइपलाइन और अन्य संरचनाओं की जांच की जा रही है। इसके बाद एचडीडी मशीन से भूमिगत पाइप डाली जा रही है। मुख्य लाइन से घरों तक जीआई पाइप के जरिये कनेक्शन दिए जाएंगे। कंपनी का दावा है कि पूरी प्रक्रिया सुरक्षा मानकों के अनुसार की जा रही है ताकि सड़कों और दूसरी सुविधाओं को नुकसान न पहुंचे।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में सिलिंडर के झंझट से मिलेगी मुक्ति: कैसे ले सकते आप आसान किस्तों में पीएनजी कनेक्शन पढ़ें नियम
पीएनजी कनेक्शन के लिए 590 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस और नौ हजार रुपये रिफंडेबल काशन मनी जमा करनी होगी। इसी राशि में रेग्युलेटर, मीटर और अन्य उपकरण लगाए जाएंगे। गैस की बिलिंग 49 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की दर से होगी। कंपनी का दावा है कि एलपीजी सिलिंडर की तुलना में उपभोक्ताओं को करीब 20 प्रतिशत तक बचत होगी। साथ ही सिलिंडर उठाने, बुकिंग और डिलीवरी इंतजार जैसी परेशानियों से भी राहत मिलेगी।