
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया.रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी रविवार को दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचीं। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगीपूर्ण ढंग से किया गया। पार्टी संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारियों और विधायकों ने उनकी अगवानी की। इस दौरान न ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को आमंत्रित किया गया। स्वागत के लिए प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई।
एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचीं। यहां भी उनका स्वागत सादगीपूर्ण माहौल में हुआ। प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी उनके साथ छत्तीसगढ़ पहुंचे। भाजपा कार्यालय पहुंचने के बाद स्मृति ईरानी के निर्देश पर परिसर के भीतर तैनात पुलिस सुरक्षा को बाहर कर दिया गया। इस दौरान भाजपा नेता पुलिसकर्मियों को बाहर जाने की बात समझाते नजर आए।
प्रदेश कार्यालय में एक महिला कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थी। स्मृति ईरानी ने आत्मीयता से उसके सिर पर हाथ रखा और प्यार से सेल्फी लेने से मना कर दिया।
बैठकों का सिलसिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से शुरू हुआ। पार्टी सूत्रों के अनुसार, दौरे से पहले ईरानी ने मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारियों से इंटरनेट मीडिया पर व्यक्तिगत प्रचार के बजाय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने को कहा है।
पार्टी का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की इंटरनेट मीडिया गतिविधियों पर नजर रखेगी। उनके हैंडल से साझा सामग्री और सक्रियता के आधार पर रिपोर्ट या रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा। इस कवायद को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों तथा मिशन 2028 और 29 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। दोनों नेता भाजपा के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों, सांसदों-विधायकों तथा निगम, आयोग और मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों से संवाद करेंगे।
रविवार को सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक ईरानी और शम्भू प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके बाद 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी। दोपहर 12:30 से 01:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीतिक बैठक होगी। 01:30 से 02:30 बजे तक संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, जिला सह-प्रभारी और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक होगी।
दोपहर 03:30 से शाम 05:00 बजे तक पूर्व विधायकों और सांसदों तथा शाम 05:30 से 07:00 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। रात 07:00 से 08:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी।
सोमवार को सुबह 10:00 से 11:30 बजे तक राज्य के सभी भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी। 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक पार्टी सांसदों और 12:30 से 02:00 बजे तक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ बैठक होगी। दोपहर 03:00 से शाम 04:30 बजे तक निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी। शाम 04:30 से 05:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों से संवाद किया जाएगा।