
रायपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में तंत्र-मंत्र से रुपये 100 गुना करने का झांसा देकर ठगी की गई है। गुढियारी थाना क्षेत्र में दो शातिर ठगों ने कारोबारी को अपने जाल में फंसाकर साढ़े तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। पूजा-पाठ के नाम पर असली नोट लेकर आरोपितों ने नकली चिल्ड्रन नोटों से भरा थैला थमा दिया और फरार हो गए।
पीड़ित कारोबारी रुस्तम कुर्रे (45) निवासी साहूपारा, गुढियारी ने मामले की शिकायत गुढियारी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित राहुल भारती और उसके साथी तथाकथित तांत्रिक मयंक दास के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
एक साल पुरानी पहचान बनी ठगी की वजह
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व उसकी मुलाकात सुपेला, भिलाई में राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश के बहाने मोबाइल नंबर लिया और बाद में लगातार संपर्क में रहने लगा। कुछ दिनों पहले राहुल ने बताया कि उसके संपर्क में मयंक दास नामक तांत्रिक है, जो तंत्र-मंत्र से रुपये को 100 गुना कर सकता है। लगातार फोन कॉल और विश्वास जीतने के बाद कारोबारी झांसे में आ गया और उसने तीन लाख 50 हजार रुपये लगाने की हामी भर दी।
आफिस में चला तंत्र-मंत्र का नाटक
छह फरवरी 2026 की शाम करीब सात बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास को लेकर कारोबारी के कार्यालय मंगल बाजार, गुढियारी पहुंचा। दोनों ने पूजा-पाठ का सामान मंगवाया और कार्यालय के अंदर तंत्र-मंत्र की प्रक्रिया शुरू की। पूजा के दौरान तांत्रिक ने रुपये मांगे, जिस पर कारोबारी ने 500-500 रुपये के नोटों के कुल साढ़े तीन लाख रुपये सौंप दिए। इसके बाद तांत्रिक ने कारोबारी और राहुल को बाहर बैठने को कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा-पाठ करता रहा।
श्मशान की मिट्टी का बहाना, बाइक से फरार
पूजा पूरी होने के बाद आरोपित श्मशान से मिट्टी लाने का बहाना बनाकर बाहर निकले और कहा कि थैले में रुपये रखे हैं। इसके बाद दोनों आरोपित अपनी बाइक से फरार हो गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर कारोबारी को शक हुआ। जब उसने थैला खोलकर देखा तो उसमें असली नोटों की जगह नकली चिल्ड्रन नोटों के बंडल भरे मिले। राहुल भारती के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन बंद मिला।
पुलिस तलाश में जुटी
घटना के बाद पीड़ित ने गुढियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपितों के मोबाइल नंबर, पुराने ठिकानों और संभावित लोकेशन के आधार पर तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, पैसा दोगुना-तिगुना करने जैसे झूठे दावों से सावधान रहें और ऐसे किसी भी झांसे में न आएं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के लिए खुला केंद्र का खजाना, प्रदेश में बनेंगे 5 मेडिकल हब, रायपुर एयरपोर्ट बनेगा 'कृषि कार्गो पोर्ट'