
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में ठंड का प्रभाव बढ़ने लगा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके विपरीत रायपुर व जगदलपुर में रात का तापमान क्रमश: 16.4 और 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
प्रदेश के उत्तरी के साथ मध्य व दक्षिणी क्षेत्रों में ठंड के प्रभाव में असमानता देखी जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। यानी फिलहाल ठंड की स्थिति में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
छत्तीसगढ़ में उत्तर से दक्षिण तक रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। सरगुजा में ठंड तेजी से बढ़ रही है, जबकि बस्तर में रात का तापमान अब भी सामान्य से काफी अधिक है। गुरुवार को अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जगदलपुर में यह 19.6 डिग्री रहा। यानी दोनों शहरों के रात के तापमान में 10.4 डिग्री का अंतर है।
पिछले चार दिनों में अंबिकापुर में रात का पारा 10 डिग्री गिरा है, जबकि जगदलपुर में 3.7 डिग्री बढ़ा है। गुरुवार को प्रदेश के 5 प्रमुख मौसम केंद्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गिरावट माना एयरपोर्ट में 2.7 डिग्री रही। पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9, अंबिकापुर में 2.5, दुर्ग में 1.2, बिलासपुर में 1.1 और माना एयरपोर्ट में 0.4 डिग्री कम रहा।
प्रदेश में 31.2 डिग्री सेल्सियस के साथ दुर्ग सबसे गर्म शहर बना रहा। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। इससे साफ है कि दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने के बावजूद रात में अपेक्षित ठंड नहीं पड़ रही है। सुबह सापेक्ष आर्द्रता 75 प्रतिशत और शाम को 53 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति एक किलोमीटर प्रति घंटा रही।
1. भौगोलिक स्थिति: अंबिकापुर और जगदलपुर के अक्षांश में करीब चार डिग्री का अंतर है। सर्दियों में दक्षिण की तुलना में उत्तरी हिस्से को अपेक्षाकृत कम सौर ऊर्जा मिलती है।
2. ठंडी हवाओं का असर: उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत से आने वाली ठंडी एवं शुष्क हवाओं का असर सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर और जशपुर जैसे जिलों में अधिक रहता है। दक्षिण की ओर बढ़ने पर स्थानीय भौगोलिक और वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण इन हवाओं का प्रभाव बदल जाता है।
3. समुद्र से नजदीकी: सरगुजा की तुलना में बस्तर बंगाल की खाड़ी के अधिक करीब है। खाड़ी से आने वाली अपेक्षाकृत गर्म और नम हवाएं भी दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान को प्रभावित करती हैं।
तापमान में गिरावट आते ही शहर के प्रमुख बाजारों में ऊनी कपड़ों और कंबलों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है। जैकेट, स्वेटर और शाल के साथ-साथ रूम हीटर व गीजर की मांग भी बढ़ी है। रायपुर के सुभाष स्टेडियम के पास आकाशवाणी रोड पर सजी गर्म कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले पांच दिनों तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। बारिश को लेकर 27 से 29 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। शुक्रवार के लिए कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई है। रायपुर में शुक्रवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। अ
धिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। गुरुवार को राजधानी में हवा में नमी सुबह 75 प्रतिशत थी, जो शाम को घटकर 53 प्रतिशत रह गई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तथा दक्षिणी गंगा तटीय पश्चिम बंगाल के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। प्रदेश में फिलहाल इसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है।