
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सिमगा थाना क्षेत्र के ग्राम दरचुरा के पास खड़ी ट्रक को अंबिकापुर से रायपुर आ रही यात्री बस ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ से 10 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना सुबह करीब 5:30 बजे हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बस में कुल 22 यात्री सवार थे। सुबह के समय दरचुरा गांव के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रक से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव कार्य शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें- रायपुर में दर्दनाक हादसा, कराटे क्लास से लौट रहीं मां-बेटी को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंदा, दोनों की मौत

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि सड़क किनारे ट्रक किस स्थिति में खड़ी थी और बस उससे कैसे टकराई। हादसे में मृतकों और घायलों की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें- रायपुर में पटवारी कार्यालय के ठीक सामने पाट दी सरकारी नहर, अवैध प्लॉटिंग का बड़ा खेल उजागर