
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया रायपुर। छत्तीसगढ़ की माताओं और बहनों के लिए इस बार का रक्षाबंधन का त्योहार बेहद खास और खुशियों से भरा होने वाला है। राज्य सरकार ने महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए महतारी वंदन योजना की अगली यानी 31वीं किस्त को निर्धारित समय से पहले ही जारी करने का बड़ा फैसला लिया है। आमतौर पर यह किस्त सितंबर माह में दी जानी थी, लेकिन त्योहार की उमंग और उत्साह को देखते हुए सरकार ने इसे अगस्त में ही वितरित करने का निर्णय लिया है।
इस महत्वपूर्ण कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बालोद जिले के डौंडीलोहारा में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह के दौरान मंगलवार को सिंगल क्लिक से इस राशि का अंतरण करेंगे। सरकार के इस त्वरित और संवेदनशील कदम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को त्योहार के मौके पर अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए अतिरिक्त आर्थिक राहत मिल सकेगी।
अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बार राज्य की कुल 67 लाख 28 हजार 918 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे डीबीटी (डाइरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये की बड़ी राशि भेजी जाएगी। इस योजना के तहत हर महीने मिलने वाली एक-एक हजार रुपये की सहायता राशि महिलाओं के लिए बेहद मददगार साबित हो रही है।
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ सरकार की एक बेहद सफल और महत्वाकांक्षी पहल है, जो महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में मील का पत्थर साबित हो रही है। इस आर्थिक मदद से महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि उनकी चिकित्सा, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी जरूरतें भी आसानी से पूरी हो रही हैं। अब तक इस योजना के माध्यम से लगभग 19 हजार 444 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं का आत्मविश्वास तेजी से बढ़ा है।