छत्तीसगढ़ में महिला IPS अधिकारी का दशहरा पूजा के दौरान AK-47 से फायरिंग करने का वीडियो वायरल, डिप्टी सीएम बोले- सरकार संज्ञान लेगी
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दशहरा के मौके पर पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' के दौरान एक महिला आईपीएस अधिकारी द्वारा AK-47 राइफल से हवा में फायरिंग करने की घटना ने सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर बहस छेड़ दी है।
Publish Date: Wed, 21 Oct 2026 09:09:00 PM (IST)Updated Date: Wed, 21 Oct 2026 09:13:50 PM (IST)
HighLights
- अंकिता शर्मा AK-47 से फायरिंग करती दिखीं
- कई जिलों में पुलिसकर्मियों ने फायरिंग की
- उपमुख्यमंत्री साव ने कहा, सरकार मामले का संज्ञान लेगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दशहरा के मौके पर पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' के दौरान एक महिला आईपीएस अधिकारी द्वारा AK-47 राइफल से हवा में फायरिंग करने का वीडियो वायरल हो गया है। इस घटना ने सुरक्षा और अनुशासन से जुड़े मुद्दों पर बहस छेड़ दी है।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने राजनांदगांव की पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा का बचाव करते हुए कहा कि वह केवल एक परंपरा का पालन कर रही थीं, जबकि अन्य लोगों ने उनके द्वारा हथियार संभालने के तरीके की आलोचना की।
अंकिता शर्मा AK-47 से फायरिंग करती दिखीं
मंगलवार को विजयदशमी के अवसर पर राजनांदगांव शहर की पुलिस लाइंस में पारंपरिक 'शस्त्र पूजा' का आयोजन किया गया था। इस दौरान पुलिस के हथियारों और वाहनों की पूजा की गई। वायरल वीडियो में साड़ी पहने अंकिता शर्मा AK-47 से फायरिंग करती दिख रही हैं।
एक अन्य वीडियो में राजनांदगांव के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कीर्तन राठौर भी AK-47 से फायरिंग करते नजर आए।
कई जिलों में पुलिसकर्मियों ने फायरिंग की
मंगलवार को सोशल मीडिया के साथ कुछ और वीडियो भी साझा किए गए, जिनमें रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग, कबीरधाम और बस्तर सहित अन्य जिलों में पुलिसकर्मियों को पूजा के बाद हथियारों से फायरिंग करते देखा जा सकता है।
अंकिता शर्मा से जुड़े इस वीडियो के बारे में पूछे जाने पर, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार इस मामले का संज्ञान लेगी।
यह भी पढ़ें- जशपुरनगर में मंच पर डांसर के साथ उप सरपंच की आपत्तिजनक हरकत, वीडियो वायरल होने पर दी सफाई, कहा- AI से बनी है क्लिप