
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। त्योहारी सीजन की शुरुआत होते ही राजधानी रायपुर के बाजारों में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। त्योहारों में मिठाइयों की सुंदरता और आकर्षण बढ़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाले चांदी के वर्क की आड़ में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ का खुलासा भी हुआ है। हालिया जांच में मिठाइयों पर चढ़ाई जाने वाली परत में चांदी की जगह एल्युमिनियम मिलाए जाने की पुष्टि हुई है। इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद हरकत में आए खाद्य सुरक्षा विभाग के उड़नदस्ते ने शहर के थोक बाजार में सघन छापामार कार्रवाई शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को राजधानी के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र गोलबाजार में स्थित तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। टीम ने लक्मन दास सेल्स से अनूप सिल्वर लीव्स, न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शक्ति और श्री ब्रांड के चांदी वर्क के नमूने एकत्र किए गए। इसी प्रतिष्ठान से 'शुभ' ब्रांड सिल्वर लीव्स का भी सैंपल लिया गया और संदिग्ध पाए जाने पर 'श्री' ब्रांड वर्क के आठ पैकेट मौके पर ही जब्त कर लिए गए। इसके अलावा मेसर्स दौलत राम दीवान फर्म से 'शाही' ब्रांड के चांदी वर्क का नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि त्योहारी मांग को देखते हुए नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। जब्त किए गए सभी नमूनों को सीलबंद कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लैब की रासायनिक विश्लेषण रिपोर्ट आने के बाद यदि वर्क में एल्युमिनियम या अन्य अमानक धातु की मिलावट प्रमाणित होती है, तो संबंधित कारोबारियों और निर्माताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
दीपावली और अन्य पर्वों के दौरान काजू कतली, बर्फी और अन्य पारंपरिक मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ जाती है। मिठाइयों को प्रीमियम लुक देने के लिए चांदी के वर्क का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। चांदी वर्क की ऊंची कीमत से बचने और अधिक मुनाफा कमाने के लिए मिलावटखोर चांदी के स्थान पर बेहद सस्ते और एल्युमिनियम का वर्क तैयार कर बाजारों में खपाते हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एल्युमिनियम की यह परत पेट, किडनी और तंत्रिका तंत्र के लिए अत्यंत नुकसानदेह साबित हो सकती है। विभाग ने आम उपभोक्ताओं से भी अपील की है कि वे मिठाइयां खरीदते समय अत्यधिक चमक वाले संदेहास्पद वर्क से सतर्क रहें।