
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डा. रमन सिंह के जन्मदिन पर 15 अक्टूबर को राजनांदगांव के दिग्विजय स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारी युवा वेजफेयर फाउंडेशन व समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से की जा रही है। कार्यक्रम में गीत-संगीत के साथ प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल भी प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रिमंडल के सदस्यों, भाजपा संगठन के पदाधिकारियों और निगम-मंडलों के अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया है। शुक्रवार को स्टेडियम में पार्किंग, वीवीआइपी प्रवेश और अन्य लोगों के प्रवेश की व्यवस्था यातायात पुलिस ने देखी।
पुलिस अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद तैयारी में जुटने कहा है। आयोजन के प्रमुख, युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि डा. रमन सिंह के जन्मदिन को जन्मोत्सव के रूप में मनाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि शहर में कार्यक्रम को लेकर समर्थकों में उत्साह है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बालीवुड गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति होगी। हिंदी फिल्मों के लोकप्रिय गीतों के साथ भक्ति गीतों के लिए भी पहचाने जाने वाले नौटियाल की प्रस्तुति को लेकर संगीत प्रेमियों में उत्सुकता है। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।