रायपुर के शंकर नगर में हाई-वोल्टेज ड्रामा, यूनीपोल पर चढ़कर महिला ने दी कूदने की धमकी, पुलिस की सूझबूझ से बची जान
रायपुर के शंकर नगर मेनरोड स्थित एक यूनीपोल पर महिला के चढ़ जाने से बुधवार को इलाके में अफरा-तफरी मच गई। महिला काफी ऊंचाई पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी द ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 13 May 2026 09:59:51 AM (IST)Updated Date: Wed, 13 May 2026 09:59:51 AM (IST)
यूनीपोल पर चढ़ी महिला ने मचाया हड़कंपHighLights
- यूनीपोल पर चढ़ी महिला ने मचाया हड़कंप
- घंटों जाम रहा शंकर नगर मेनरोड
- SDRF और पुलिस की सूझबूझ से बची जान
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी रायपुर के शंकर नगर मेनरोड स्थित एक यूनीपोल पर महिला के चढ़ जाने से बुधवार को इलाके में अफरा-तफरी मच गई। महिला काफी ऊंचाई पर चढ़कर नीचे कूदने की धमकी दे रही थी, जिससे मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला अचानक यूनीपोल पर चढ़ गई और ऊपर से जोर-जोर से चिल्लाने लगी। वह बार-बार नीचे कूदने की बात कह रही थी, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ SDRF की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने काफी सूझबूझ और सतर्कता के साथ महिला को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाइश और रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त बताई जा रही है। महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।