
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी के होटल हयात में करीब 2.12 लाख रुपये की ठगी करने वाले देश के सबसे शातिर होटल ठगों में शामिल 69 वर्षीय बिंगसन जान को पुलिस ने ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की अपराध की कहानी किसी फिल्मी किरदार से कम नहीं है। वह खुद स्वीकार करता है कि उसकी जिंदगी का अधिकांश समय सिर्फ दो जगहों पर बीता है, जेल और फाइव स्टार होटल। जेल से छूटते ही वह किसी महंगे होटल को अपना अगला ठिकाना बना लेता था और ठगी कर फिर जेल पहुंच जाता था।
पुलिस के मुताबिक तमिलनाडु निवासी बिंगसन जान वर्ष 1990 से लगातार देशभर के महंगे होटलों को निशाना बनाता आ रहा है। उसके खिलाफ दिल्ली, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा समेत 10 से अधिक राज्यों के महानगरों में ठगी और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह अब तक 300 से अधिक होटलों में वारदात कर चुका है और करीब 15 वर्ष से ज्यादा समय विभिन्न जेलों में बिता चुका है। वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल पहुंचा था, जहां वह कुख्यात ठग चार्ल्स शोभराज से प्रभावित हुआ। इसके बाद उसने ठगी का तरीका ही बदल दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित खुद को विदेशी पर्यटकों का ट्रैवल गाइड, इंग्लिश टीचर या योगा टीचर बताकर पांच सितारा होटलों में कमरा बुक कराता था। कई दिनों तक होटल की सभी सुविधाओं का आनंद लेता, जरूरत पड़ने पर होटल से महंगे उपकरण भी किराये पर ले लेता और फिर बिना चेक-आउट किए और बिल चुकाए फरार हो जाता था।
थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात में आरोपित ने 25 जून को कमरा लिया था। 27 जून की सुबह वह बिना औपचारिक चेक-आउट किए होटल से निकल गया। उसने 63,755 रुपये का होटल बिल नहीं चुकाया और विशेष अनुरोध पर किराये पर लिया गया करीब 1.48 लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी साथ ले गया। होटल प्रबंधन द्वारा संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। इसके बाद होटल की शिकायत पर तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि पिछले 36 वर्षों से उसकी जिंदगी जेल और महंगे होटलों के बीच ही गुजर रही है। जेल से बाहर निकलते ही वह किसी नए शहर के पांच सितारा होटल को अपना निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ देशभर में बड़ी संख्या में आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसका लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बढ़ता जा रहा है बिजली के स्मार्ट मीटर का विरोध, भिलाई के कलेक्ट्रेट में लोगों ने पटक कर तोड़े मीटर