
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। प्रदेश के गन्ना किसानों को नवरात्रि से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने गन्ना बोनस की गणना का आधार 355 से बढ़ाकर 425 प्रति क्विंटल कर दिया है। इस निर्णय से पेराई सत्र 2025–26 में प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना आपूर्ति करने वाले 31,022 किसानों को लगभग 51.09 करोड़ की बोनस राशि प्राप्त होगी।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि गन्ना बोनस में बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
पेराई सत्र 2025–26 के लिए बोनस गणना में एफआरपी 329.05 प्रति क्विंटल का आधार लिया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार 425 में से एफआरपी घटाने पर किसानों को 95.95 प्रति क्विंटल की दर से बोनस मिलेगा।
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा के 14,961 किसानों को लगभग 24.55 करोड़ और सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया के 8,049 किसानों को लगभग 11.68 करोड़ की बोनस राशि मिलेगी। इसी प्रकार महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता के 7,250 किसानों को लगभग 11.35 करोड़ और दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद के 762 किसानों को लगभग 3.52 करोड़ का बोनस प्राप्त होगा।
यह भी पढ़ें- मुरैना में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, युवक की पीट-पीटकर हत्या; सात लोगों पर हत्या का केस दर्ज