
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। राजधानी में सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU), एएनटीएफ और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 48.03 ग्राम एमडीएमए, 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर बाइक और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल किया गया कुरियर बॉक्स जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार इस पूरे सिंडिकेट का संचालन दिल्ली में बैठे मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा कर रहे थे, जो पहले भी वर्ष 2024 में खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ड्रग्स मामले में जेल जा चुके हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ‘डेड ड्रॉप सिस्टम’ का इस्तेमाल कर रहे थे। इस तरीके में ड्रग्स को सीधे हाथों-हाथ देने के बजाय सुनसान जगहों पर रख दिया जाता था और उसकी लोकेशन व वीडियो ग्राहकों को भेजी जाती थी। इससे पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश की जा रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि दिल्ली से ड्रग्स को कोरियर के जरिए रायपुर भेजा जाता था। यहां कुणाल मंगतानी ड्रग्स रिसीव करता था। इसके बाद रैपिडो राइडरों के माध्यम से सुनसान स्थानों पर ड्रग्स रखवाकर लोकेशन शेयर की जाती थी। ड्रग्स की पेमेंट के लिए आरोपियों द्वारा अलग-अलग बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था।
पूछताछ में मास्टरमाइंड आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे नाइजीरियन नागरिकों से ड्रग्स खरीदते थे। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- नेशनल हाईवे पर सफर करना होगा महंगा, टोल की नई दरें जारी, एक अप्रैल से पांच से 20 रुपये अतिरिक्त टैक्स देना होगा
आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 146/26 धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सिंथेटिक ड्रग्स से दूर रहें और इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें, ताकि नशा मुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।