
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का लाभ पाने के लिए करीब 10 लाख महिलाएं अब भी नए पंजीयन का इंतजार कर रही हैं। इनमें अधिकतर नवविवाहिताएं हैं। सबसे अधिक लगभग दो लाख महिलाएं बस्तर संभाग की योजना से वंचित हैं। योजना एक मार्च 2024 से लागू होने के बावजूद दो वर्षों बाद भी नए हितग्राहियों के लिए नियमित रूप से पोर्टल नहीं खोला गया है।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी स्थिति निर्मित हो गई है कि एक ही परिवार में साथ रहने वाली जेठानी को योजना का लाभ मिल रहा है, जबकि देवरानी अभी तक पंजीयन नहीं होने के कारण लाभ से वंचित है। इससे महिलाओं में असंतोष बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने अगस्त 2025 में सीमित अवधि के लिए पोर्टल खोला था, लेकिन यह सुविधा केवल बस्तर संभाग में 'नियद नेल्ला नार (आपका अच्छा गांव)' योजना के तहत सुरक्षा शिविरों के पांच किमी दायरे के गांवों तक सीमित रही। इस विशेष अभियान में करीब सात हजार महिलाओं का पंजीयन हुआ था।
महतारी वंदन योजना की शुरुआत एक मार्च 2024 को हुई थी। 70 लाख से अधिक हितग्राहियों का पंजीयन हुआ था। विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 63 लाख से अधिक हितग्राहियों का आधार डीबीटी से लिंक कराया था। दस मार्च को पहली किस्त जारी की गई थी। 63.57 लाख हितग्राहियों को डीबीटी और 6.48 लाख को एनईएफटी के माध्यम से भुगतान किया गया था।
वर्तमान में महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाएं प्रत्येक माह एक-एक हजार रुपये से लाभान्वित हो रही हैं। अब तक 28 किस्तों के माध्यम से 18,165.19 करोड़ रुपये सीधे महिलाओं के बैंक खातों में जारी किया जा चुका है। अब नई पात्र महिलाओं को पोर्टल दोबारा खुलने का इंतजार है।
महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं की उत्सुकता का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि विगत वर्ष सुशासन तिहार में विभाग को दो लाख से ज्यादा आवेदन मिले थे। पोर्टल नहीं खुलने की वजह से आवेदन धूल खा रहे हैं। इस वर्ष भी महतारी वंदन के लिए सर्वाधिक आवेदन मिले हैं।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के 40 लाख किसानों को बड़ी राहत, खाद वितरण में टोकन व्यवस्था खत्म, अब एक बार में मिलेगी पूरी खाद
महतारी वंदन योजना के दोबारा पोर्टल चालू करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित कर रही है।- लक्ष्मी राजवाड़े, मंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग