
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। फरार आरोपी शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ और संदिग्ध आचरण के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इंस्पेक्टर विनीत दुबे को निलंबित कर दिया है। बस्तर आईजी बद्रीनारायण मीणा ने इस संबंध में निलंबन आदेश जारी किया है। यह विभागीय कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर द्वारा 30 अक्टूबर को भेजे गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026 की जांच के दौरान निरीक्षक विनीत दुबे का आचरण संदिग्ध पाया गया था। फरार चल रहे आरोपी शोएब ढेबर से उनकी कथित सांठगांठ की बातें सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। रायपुर पुलिस कमिश्नर के प्रतिवेदन पर संज्ञान लेते हुए बस्तर आईजी ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।
गौरतलब है कि आरोपी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी की योजना लीक होने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। पुलिस टीम द्वारा खम्हारडीह क्षेत्र में दबिश दिए जाने से ठीक पहले ही आरोपी को भनक लग गई थी और वह मौके से निकल भागा था।
पुलिस की गोपनीय सूचना लीक करने के इसी प्रकरण में विभाग पहले भी सख्त कदम उठा चुका है। इससे पूर्व एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के दो आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को सूचना लीक करने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है। अब निरीक्षक के निलंबन के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।