

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के एक वरिष्ठ अधिकारी और उनके सहयोगी (बिचौलिए) को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को इस कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी।
गिरफ्तारी के उपरांत रायपुर और भिलाई स्थित आरोपी अधिकारी के आवासीय व शासकीय परिसरों पर की गई छापेमारी के दौरान सीबीआई को करीब ₹77 लाख नकद और लगभग ₹14 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं।
सीबीआई द्वारा जारी बयान के अनुसार, भिलाई में पदस्थ इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ मैकेनिकल इंजीनियर्स (IRSME) के अधिकारी और सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर (DME) अनमोल उके ने एक ठेकेदार (शिकायतकर्ता) के बकाया बिलों का भुगतान स्वीकृत करने के बदले ₹2 लाख की रिश्वत मांगी थी।
बाद में दोनों पक्षों के बीच ₹1 लाख की राशि पर सहमति बनी। 13 अगस्त को सीबीआई की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी अफसर को उसके दलाल के माध्यम से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹50,000 स्वीकार करते हुए रंगे हाथों धर दबोचा।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सीबीआई ने 14 अगस्त को वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर अनमोल उके और उनके बिचौलिए को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके तुरंत बाद रायपुर तथा भिलाई स्थित उनके कार्यालय और मकान पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया, जहां से भारी मात्रा में नकदी और कीमती जेवरात जब्त किए गए।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में रास्ता पूछना पड़ा भारी, सीयू के सहायक प्राध्यापक को चाकू दिखाकर लूट, बाइक पर भाग निकले बदमाश
न्यायालय में पेश किए जाने के बाद अदालत ने आरोपी रेलवे अधिकारी और बिचौलिए को चार दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। एजेंसी फिलहाल मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच कर रही है।