
नईदुनिया प्रतिनिधि, दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के ग्राम खोपली में सोमवार शाम पत्थर खदान के गहरे पानी में डूबने से 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक खदान में नहाने के लिए उतरा था, इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खोपली के नहर पारा स्थित पत्थर खदान में सोमवार शाम प्रेम प्रकाश (37 ) नहाने गया था। खदान में पानी की गहराई अधिक होने के कारण वह अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना शाम चार बजे जिला कंट्रोल रूम दुर्ग को मिली। इसके बाद जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
खदान में करीब 55 फीट गहरा पानी होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद टीम के प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने पानी में उतरकर सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शाम छह बजे युवक का शव बरामद कर पानी से बाहर निकाला गया।
शव की पहचान ग्राम खोपली निवासी प्रेम प्रकाश के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर मौजूद उतई थाना की मचांदुर चौकी पुलिस को शव सौंप दिया गया। पुलिस ने पंचनामा और मर्ग जांच सहित आगे की वl कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।