
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अपने हेलीकॉप्टर में साथ लेकर राजधानी रायपुर पहुंचे हैं। पैर में चोट लगने के कारण नंदकुमार साय को चलने-फिरने में काफी तकलीफ हो रही थी, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें जशपुर से सीधे रायपुर लाकर बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को रायपुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि दो दिन पहले नंदकुमार साय अपने निवास पर फिसलकर गिर गए थे, जिससे उनके पैर में चोट आई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रविवार को जशपुर प्रवास के दौरान नंदकुमार साय के निवास के समीप ही उनका एक कार्यक्रम था। कार्यक्रम के बाद वे रात में सीधे नंदकुमार साय के घर पहुंचे और उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली।
यह भी पढ़ें- अकवान चक्रवात से फसल नुकसान पर मुख्यमंत्री साय का बड़ा फैसला, कलेक्टरों को सर्वे के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पैर में चोट की वजह से नंदकुमार साय को चलने-फिरने और लंबी सड़क यात्रा करने में काफी परेशानी हो रही थी। सोमवार को मुख्यमंत्री को स्वयं रायपुर लौटना था, इसलिए उन्होंने नंदकुमार साय को भी अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें सफर में कोई असुविधा न हो और समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर के बालाजी अस्पताल में उनके समुचित उपचार की व्यवस्था की गई है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू हो गया है।