छत्तीसगढ़ में पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की तैयारी, IG, SP से लेकर ASP-DSP स्तर तक बदलाव के संकेत, दो दिन के भीतर तबादला सूची संभव
आने वाले दो दिन के भीतर राज्य पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए जा सकते हैं।
Publish Date: Wed, 17 Jun 2026 07:38:05 PM (IST)Updated Date: Wed, 17 Jun 2026 07:49:08 PM (IST)
HighLights
- इस बदलाव का असर कई महत्वपूर्ण जिलों पर पड़ सकता है
- पुलिस मुख्यालय को तबादले की सूची तैयार करने के निर्देश मिले
- गृह विभाग स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा
राज्य ब्यूरो,नईदुनिया,रायपुर। आने वाले दो दिन के भीतर राज्य पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए जा सकते हैं। प्रस्तावित फेरबदल में एक-दो आइजी, कुछ जिलों के पुलिस कप्तान और राज्य पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल होने की चर्चा है।
दरअसल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को दिनभर मंत्रालय में शासकीय कार्यों में व्यस्त रहे। इसी बीच संकेत मिले कि पुलिस मुख्यालय को तबादले की सूची तैयार करने के निर्देश मिले।
इस बदलाव का असर कई महत्वपूर्ण जिलों पर पड़ सकता है
सूत्रों के अनुसार इस बदलाव का असर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ ही रायपुर ग्रामीण पुलिस, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर और राजनांदगांव रेंज के कई महत्वपूर्ण जिलों पर पड़ सकता है। एएसपी, डीएसपी, एसडीओपी और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की नई पदस्थापनाएं भी इसी सूची में शामिल रहने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक उन अधिकारियों पर विशेष रूप से विचार किया जा रहा है जिन्हें वर्तमान पदस्थापना पर दो वर्ष या उससे अधिक समय हो चुका है। साथ ही ऐसे अधिकारी, जिनके तबादला आदेश पहले जारी हुए थे लेकिन तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से वे नई जगह कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए, उन्हें भी नई सूची में समायोजित किया जा सकता है। जबकि निरीक्षक से पदोन्नत होकर डीएसपी बने अधिकारियों की भी पदस्थापना होना है।
तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा
पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिए जाने की चर्चा है। मुख्यालय के सूत्रों का कहना है कि कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जिनकी पदस्थापना प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बन सकती है। अब सभी की नजर संभावित तबादला सूची पर टिकी हुई है।