

नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में विभिन्न लिपिकीय, अलिपिकीय, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया 15 अगस्त तक अनिवार्य रूप से पूरी की जानी है। इसे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने सभी संभागीय संयुक्त संचालक और जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पदोन्नति प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा और संबंधित विषयों पर चर्चा के लिए 10 अगस्त को दोपहर तीन बजे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की जाएगी। डीपीआई ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पदोन्नति से संबंधित सभी बिंदुओं और पूर्व में मांगी गई जानकारी के साथ उपस्थित रहें। बैठक में संभाग एवं जिला स्तर पर पदोन्नति प्रक्रिया की स्थिति, रिक्त पदों और समय-सीमा में प्रक्रिया पूरी करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक के एजेंडे में संभाग एवं जिला स्तर पर पदोन्नति की समीक्षा के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर इसकी जानकारी भेजना शामिल है। इसके साथ ही विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति के लिए रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराने और निर्धारित समय-सीमा में पदोन्नति प्रक्रिया पूरी किए जाने की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में सेवा भर्ती नियम 2026 के साथ ही पदोन्नति के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई किए जाने पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा स्वामी आत्मानंद और विवेकानंद स्कूलों में रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विवेकानंद विद्यालयों में अधोसंरचना विकास के प्रस्ताव, आरटीई के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति और नवनियुक्त प्राचार्यों और ई एवं टी संवर्ग की वरिष्ठता संबंधी जानकारी भी बैठक के एजेंडे में शामिल है।
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सेवा भर्ती नियमों के तहत विभिन्न स्तरों पर पदोन्नति की कार्रवाई की जा रही है। डीपीआई ने संभाग और जिला स्तर के अधिकारियों से पदोन्नति के रिक्त पदों सहित अन्य आवश्यक जानकारी मांगी है। अब 10 अगस्त की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इसकी समीक्षा कर 15 अगस्त तक प्रक्रिया पूरी करने की दिशा में आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।