
_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र के रावतपुरा फेस 2 स्थित 'श्री गुरू ज्वेलर्स' में दीवार तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात उड़ाने वाले गिरोह का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 2 किलोग्राम चांदी के जेवरात, सोने का लॉकेट, वारदात में इस्तेमाल दो दोपहिया वाहन और 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग ₹7.50 लाख आंकी गई है।
रावतपुरा कॉलोनी फेस 2 निवासी निमाई डोन्डा की श्री गुरू ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। 10 अगस्त 2026 की सुबह करीब 7 बजे उन्हें दुकान में चोरी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकान की दीवार टूटी हुई थी और अंदर रखे सोने चांदी के जेवरात गायब थे। पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 722/26 (BNS की धारा 331(4), 305) के तहत मामला दर्ज किया।
.jpg)
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम/साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुडिया के निर्देशन में 10 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ साथ क्षेत्र के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और हाल ही में जेल से छूटे व पुराने नकबजनों का रिकॉर्ड खंगाला।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही आकांक्षा सोनी (पुरानी बस्ती, रायपुर) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान वह पुलिस के साक्ष्यों के आगे टूट गई और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य चार आरोपियों को दबोच लिया।
पूछताछ में पता चला चोरी की मुख्य योजना लोकेश राव उर्फ विकास और एम. मोहन राव उर्फ मोनी ने बनाई थी। दोनों ने दुकान की रेकी की और फिर लोकेश की पत्नी उषा उर्फ सपना खुंटे, आकांक्षा सोनी तथा मिराज आलम को गिरोह में शामिल किया। घटना वाले दिन एम. मोहन राव और मिराज आलम दीवार तोड़कर दुकान के अंदर घुसे और जेवरात चुराए, जबकि लोकेश बाहर रहकर निगरानी कर रहा था। चोरी के बाद जेवरात आपस में बांट लिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कई का गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है
यह भी पढ़ें- आज से लागू हुए ट्रैफिक के नए नियम, छोटी गलतियों पर मिलेगी चेतावनी, बिना बीमा गाड़ी चलाने पर 10 हजार तक जुर्माना