
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। मरीन ड्राइव के सामने स्थित आई नेक्सट एप्पल स्टोर में सेंध लगाकर 1.89 करोड़ रुपये के 173 मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर लोगों सें मदद मांगी है।
आरोपितों को राजनांदगांव के रास्ते महाराष्ट्र के भंडारा फिर वहां से मौदा की ओर जाते देखा गया है। तीनों आरोपित सीसीटीवी फुटेज में दिखे हैं। सूत्रों के अनुसार, एक आरोपित को पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित स्टोर में 31 अक्टूबर की रात चोरी हुई थी। एक नवंबर की सुबह मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा तो 173 मोबाइल चोरी की जानकारी मिली। चोर सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए थे। पुलिस को पहले वारदात में बिहार के चादर गैंग के शामिल होने का संदेह था।
जांच के दौरान भगत सिंह चौक के पास तीन संदिग्धों के फुटेज मिले। इनकी पहचान के लिए पुलिस ने जानकारी जुटाई तो मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह से जुड़े होने का सुराग मिला। इसके बाद रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और आरोपितों की धरपकड़ के लिए मदद ली।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी
साथी के पकड़े जाने पर भागे दो बदमाश
कंजर गिरोह के बदमाशों की धरपकड़ पुलिस के लिए आसान नहीं होती। इनकी पुलिस पर हमला करने की आशंका रहती है। इसी वजह से रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की। इस दौरान एक आरोपित को पकड़ लिया। दो अन्य सदस्यों को साथी की गिरफ्तारी की भनक लग गई, वे पुलिस की घेराबंदी से बचकर भाग गए।
चोरी के खपाए मोबाइल का अब सुराग नहीं
वारदात में चोरी हुए 173 मोबाइल में से कितने बरामद हुए हैं, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि पकड़े गए आरोपित के पास से कोई मोबाइल मिला है या नहीं। फरार बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Gwalior Weather Update: शहर में मौसम का दोहरा रंग, सुबह-शाम ठंड; दिन में पारा 27 डिग्री के पार