
नईदुनिया, प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांजा तस्कर हेमराज राव और उसके परिवार की दो करोड़ 32 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। कार्रवाई सफेमा एक्ट के तहत की गई है। इसके तहत आरोपित के मकान, जमीन, वाहन के साथ बैंक खातों में जमा लाखों रुपये की राशि को भी फ्रीज कराया गया है। इसके पहले गांजा तस्कर रवि साहू की 7.66 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। जल्द ही गांजा-शराब तस्कर मुकेश बनिया की लगभग एक करोड़ रुपये की संपत्ति भी फ्रीज की जाएगी।
नार्थ डीएसपी मयंक गुर्जर के अनुसार उरला थाना क्षेत्र के अछोली बिरई तालाब के पास कार्रवाई कर हेमराज राव (50) निवासी अछोली को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 1.390 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था। जांच में आरोपित के नारकोटिक पदार्थों की तस्करी में लगातार संलिप्त होने की जानकारी सामने आई थी।
पीआइटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल में बंद है आरोपित
पुलिस के मुताबिक आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी नारकोटिक एक्ट से जुड़े मामले दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसके खिलाफ पीआइटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई, जिसके बाद वह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है।
ये संपत्तियां हुईं जब्त
पुलिस के अनुसार आरोपित हेमराज राव के नाम उरला मुख्य मार्ग स्थित मकान, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है, जब्त किया गया है। इसके अलावा उसकी पत्नी अनीता राव के नाम ग्राम अछोली में दर्ज तीन भूखंड, जिनका कुल क्षेत्रफल 914 वर्गमीटर और अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ 54 हजार रुपये है, को भी जब्त किया गया है। इसके साथ ही आरोपित की दोपहिया वाहन, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है, जब्त किया गया है। वहीं आरोपित के बैंक खाते में जमा 30 लाख 67 हजार रुपये की राशि को भी फ्रीज कराया गया है।
जिला बदर आरोपित की भी संपत्ति की हो रही जांच
अभनपुर निवासी आशुतोष भाण्डूलकर उर्फ छोटू लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में कुल 49 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसकी भी संपत्ति की जांच की जा रही है। आरोपित पर हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा, लूट, अपहरण, दुष्कर्म, मारपीट, अवैध रूप से रास्ता रोकना, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम से जुड़े अपराध शामिल हैं। वहीं गोबरा नवापारा स्थित लल्ला सोनवानी ढाबे की आड़ में शराब तस्करी की जाती थी। कुछ दिनों पहले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अब शराब तस्करी से जुड़ी संपत्ति की जानकारी जुटा रही है।