राजनांदगांव पुलिस की बिहार में कार्रवाई, टाटा पावर सोलर के नाम पर ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव पुलिस ने इंस्टाग्राम पर टाटा पावर सोलर कंपनी का फर्जी विज्ञापन दिखाकर ग्यारह लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी करने वाले बिहार के दो साइबर ठगों को पकड़ा।
Publish Date: Thu, 05 Nov 2026 05:22:03 PM (IST)Updated Date: Thu, 05 Nov 2026 05:25:58 PM (IST)
राजनांदगांव पुलिस की गिरफ्त मे आरोपी। -पुलिसHighLights
- राजनांदगांव पुलिस ने बिहार से दो साइबर ठग पकड़े
- इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन दिखाकर की थी ठगी
- टाटा पावर सोलर डिस्ट्रीब्यूटर के नाम पर ठगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर/राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में साइबर पुलिस ने फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन के जरिए लोगों को ठगने वाले दो शातिर साइबर ठगों को बिहार के बोधगया से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टाटा पावर सोलर कंपनी का जिला डिस्ट्रीब्यूटर बनाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 11 लाख 36 हजार रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी प्रशांत कुमार उर्फ निक्की और अभिषेक कुमार यादव उर्फ रवि बिहार के बोधगया में एक किराए का मकान लेकर साइबर ठगी का अवैध नेटवर्क चला रहे थे। आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर टाटा पावर सोलर कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम से एक आकर्षक फर्जी विज्ञापन लिंक तैयार किया था। जब कोई इच्छुक व्यक्ति इस लिंक पर अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी निजी जानकारी भरता था, तो उसका पूरा डेटा इन ठगों तक पहुंच जाता था। इसके बाद आरोपी खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर पीड़ितों से संपर्क करते और उन्हें भारी मुनाफे का झांसा देते थे।
फर्जी दस्तावेजों और खातों का करते थे इस्तेमाल
लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी टाटा पावर सोलर के नाम से फर्जी दस्तावेज और ईमेल भेजते थे। रजिस्ट्रेशन शुल्क, सोलर सिस्टम मशीन की एडवांस कीमत और कंपनी अधिकारियों के आने-जाने के खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रुपए ऐंठे जाते थे। ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए वे पश्चिम बंगाल के कोलकाता से कमीशन पर फर्जी मोबाइल सिम और बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इन म्यूल खातों में रकम आने के बाद आरोपी एटीएम और फोनपे के जरिए पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने की कार्रवाई, उपकरण जब्त
प्रार्थी की शिकायत पर साइबर थाना राजनांदगांव में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और विशेष टीम के गठन के बाद पुलिस ने बोधगया में दबिश देकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 1 स्कैनर डिवाइस, 4 नोटबुक और 2 एटीएम कार्ड समेत अन्य सामग्री जब्त की गई। राजनांदगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी लेने से पहले आधिकारिक वेबसाइट से पुष्टि अवश्य करें और अनजान लिंक पर अपनी जानकारी साझा न करें।