_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। शातिर ठग अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की ठगी का नेटवर्क अब उसकी डायरियों से खुलने लगा है। पुलिस ने दीपक टंडन के कब्जे और उससे जुड़े ठिकानों से एक लाल डायरी समेत कुल सात डायरियां जब्त की हैं। इन डायरियों में पैसे देने और लेने वालों के नाम के साथ लेनदेन का पूरा हिसाब दर्ज है। खास बात यह है कि इनमें पुलिस अधिकारियों समेत कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। दिनभर में किस व्यक्ति से कितनी रकम मिली, किसे कितने रुपये दिए गए और कहां-कहां पैसा खर्च किया गया, इसका हिसाब रखने के लिए अलग-अलग डायरियां बनाई गई थीं। पुलिस अब इन डायरियों में दर्ज नामों और लेनदेन की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल था और ठगी की रकम किन लोगों तक पहुंची।
पुलिस के लिए लाल डायरी सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानी जा रही है। इसमें दर्ज नामों और रकम का मिलान दीपक के बैंक खातों, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों से किया जा रहा है। जिन लोगों के नाम डायरियों में मिले हैं, उनसे भी पूछताछ की जा सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि डायरी में नाम दर्ज होने मात्र से किसी की संलिप्तता साबित नहीं होती, इसलिए लेनदेन की वास्तविकता और भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर जिला कोर्ट ने खारिज की दीपक टंडन की जमानत, न्यूज पोर्टल की आड़ में करता था वसूली
दीपक टंडन के होटल वेलकम श्री से भी पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। तेलीबांधा में दर्ज पांच एफआइआर की जांच के सिलसिले में पुलिस रविवार रात दीपक को लेकर होटल पहुंची थी। इस दौरान होटल के अंदर संचालित स्पा की तलाशी ली गई, जहां से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों की डायरी, मोबाइल नंबर और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए। स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक नजर आ रहा है। जांच में यह आशंका भी उभरी है कि होटल में लोगों को ठहराने के बाद आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बनाए जाते थे, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जब्त दस्तावेजों के आधार पर जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- कोयला खदान में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी, दीपक टंडन पर दो और FIR
पूछताछ में दीपक टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों से ठगी करने का संदेह सामने आया है, जिनमें आम लोग, कारोबारी, नेता और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी तक शामिल बताए जा रहे हैं। वह खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर तथा बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई तस्वीरों का इस्तेमाल कर लोगों को प्रभाव में लेता था। राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर दिलाने का भरोसा देकर रकम वसूलने की शिकायतें भी मिली हैं।
दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक आठ एफआइआर दर्ज हैं और 11 अन्य शिकायतों की जांच चल रही है। रायपुर में एसईसीएल का ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपये ठगने के मामले में उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को उसकी पुलिस रिमांड समाप्त हो रही है, जिसके चलते पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर दो दिन की अतिरिक्त रिमांड मांगने की तैयारी में है।