
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। भाजपा ने प्रदेश संगठन में बदलाव करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को पार्टी का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। उन्हें छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का भी प्रभार सौंपा गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभु को राज्य सह प्रभारी बनाया गया है।
संगठन में स्मृति ईरानी की सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय स्तर की पहचान को देखते हुए लंबे समय से उन्हें महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा थी। प्रभारी पद की दौड़ में स्मृति ईरानी सबसे आगे थीं। स्मृति से पहले नवंबर 2020 में डी. पुरंदेश्वरी भाजपा की प्रदेश प्रभारी बनाई गई थीं, जबकि नितिन नबीन सह-प्रभारी थे। इस लिहाज से स्मृति ईरानी प्रदेश की दूसरी महिला प्रभारी हैं।
भाजपा ने संगठनात्मक फेरबदल में अन्य नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल, गजेंद्र पटेल को झारखंड तथा हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक का प्रभारी बनाया गया है।
वहीं राज्य के दो नेताओं को भी दूसरे राज्यों में जिम्मेदारी मिली है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह प्रभारी और अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बिजली बिल और मोर बिजली एप की समस्या होगी दूर, रायपुर में हर गुरुवार लगेंगे शिविर