ओडिशा के रास्ते रायपुर में नशे की बड़ी खेप खपाने की फिराक में थे तस्कर, पुलिस ने चार को दबोचा
रायपुर पुलिस ने तेलीबांधा और आमानाका क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए ओडिशा के तस्कर समेत चार आरोपितों को 4.395 किलोग्राम गांजा और बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 10:41:45 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 10:41:45 PM (IST)
Demo picHighLights
- रायपुर में दो अलग-अलग जगहों पर गांजा तस्करी करते चार गिरफ्तार।
- आरोपितों से 4.395 किलो गांजा और एक मोटरसाइकिल की गई जब्त।
- पकड़े गए तस्करों में ओडिशा के बलांगीर का सप्लायर भी शामिल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर : राजधानी में गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे चार आरोपितों को पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में ओडिशा के बलांगीर जिले का रहने वाला राधाकांत राणा भी शामिल है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 4.395 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल जब्त की है।
पहली कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने रिंग रोड नंबर-एक स्थित मुक्तिधाम के पास से गणेश राम पटेल (55) और शेरा कुल्हरिया (30), निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा को पकड़ा। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़कर उनके पास रखी बोरी की तलाशी ली, जिसमें से 1.873 किलोग्राम गांजा मिला। दूसरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास बाइक सवार दो लोगों को पकड़ा।
आरोपितों की पहचान ओडिशा के बलांगीर जिले के ग्राम खोलन निवासी राधाकांत राणा (56) और दुर्ग जिले के ग्राम पोहंदा निवासी परमानंद साहू (40) के रूप में हुई। दोनों पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर पकड़ लिए गए। उनके थैले से 2.522 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।