रायपुर में स्वीट्स की दुकानों में मिली गंदगी, 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट, चार खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच राजधानी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लापरवाही सामने आई है।
Publish Date: Sat, 17 Oct 2026 09:41:06 PM (IST)Updated Date: Sat, 17 Oct 2026 09:42:12 PM (IST)
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में लापरवाही, फाइल फोटोHighLights
- त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में लापरवाही
- शहर की कई मिठाई की दुकानों में छापेमारी
- 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के बीच राजधानी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर लापरवाही सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र की तीन मिठाई दुकानों और पचपेड़ी नाका स्थित एक ढाबे का निरीक्षण किया।
चारों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए। संचालकों को कम से कम तीन दिन तक दुकानें बंद रखने और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान करीब 150 किलो विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और 10 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
साफ-सफाई की खराब व्यवस्था
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने विभागीय अमले के साथ तेलीबांधा की न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी तथा पचपेड़ी नाका के रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता की स्थिति देखी गई।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की व्यवस्था खराब मिली। खाद्य पदार्थों के रखरखाव की स्थिति की जांच की गई। टीम ने खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों के नमूने भी लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
प्रयोगशाला की रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।