
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। प्रशासन ने गो हत्या व गो मांस बिक्री के मुख्य आरोपित अब्दुल अलीम उर्फ कनवा (39) का घर ढहा दिया। यह कार्रवाई गुरुवार की सुबह की गई। गौरीनगर स्थित मकान ध्वस्त करने सुबह पांच बजे राजस्व व निगम अमला, बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचा। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले कार्रवाई शुरू कर दी गई।
राजनांदगांव नगर पालिक निगम के अधिकारियों ने बताया कि मकान शासकीय भूमि पर बना था, नोटिस देने के बाद इसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है। राजनांदगांव में पहली बार किसी मामले में आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले 19 अक्टूबर को गौरीनगर में ही मटन सेंटर चालने वाले आरोपी आरिफ कुरैशी की दुकान ध्वस्त की गई थी। पुलिस ने गो हत्या के मामले में अब तक मुख्य आरोपित कनवा, उसकी पत्नी, बेटी, भांजा सहित कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- राजनांदगांव में गोवंश के कटे सिर मिलने के बाद पुलिस का एक्शन, आरोपी आरिफ कुरैशी की दुकान पर चला बुलडोजर