राजनांदगांव में बहन व सहेली को बाजार भेजा, फिर अलमारी से उड़ाए 2.20 लाख के जेवर
राजनांदगांव में 21 वर्षीय युवती ने छोटी बहन की सहेली के घर भरोसे का फायदा उठाकर 2.20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। आरोपी ने बहन और उसकी सहेली को सामान लेने बस स्टैंड भेजकर वारदात को अंजाम दिया। सिटी कोतवाली और साइबर सेल ने उसे गिरफ्तार कर जेवर बरामद कर लिए हैं।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 04:55:04 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 04:55:04 PM (IST)
राजनांदगांव में सहेली के घर से चोरी हुए 2.20 लाख रुपये के जेवरात, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया।HighLights
- छोटी बहन की सहेली के घर आने-जाने के दौरान बने भरोसे का उठाया गलत फायदा
- सामान लाने के बहाने अपनी स्कूटी से बहन व सहेली को पुराने बस स्टैंड भेजकर साफ की अलमारी
- सीसीटीवी फुटेज से पकड़ी गई 21 वर्षीय आरोपी युवती, 2.20 लाख के जेवर बरामद कर भेजा जेल
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजनांदगांव। छोटी बहन की सहेली के घर आने-जाने के दौरान बने भरोसे का फायदा उठाकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाली 21 वर्षीय युवती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने घर में मौजूद छोटी बहन और उसकी सहेली को सामान लेने के बहाने स्कूटी से पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के बाहर जाते ही वह अलमारी में रखे करीब 2.20 लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गई। साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मामले का खुलासा किया है।
सामान लेने के बहाने घर से बाहर भेजा
पुलिस के अनुसार, लखोली बैगापारा निवासी प्रार्थिया ने छह नवंबर को सिटी कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 18 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे घर की अलमारी में रखी चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट, तीन जोड़ी सोने के टॉप्स सहित अन्य जेवरात चोरी हो गए थे, जिनकी कीमत करीब 2.20 लाख रुपये है। पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर पुलिस को शंकरपुर शिवानंद चौक निवासी श्रेया रानी भीमगंज (21 वर्ष) पर संदेह हुआ।
पूरे जेवर बरामद, महिला जेल दुर्ग भेजा
जांच में सामने आया कि श्रेया अपनी छोटी बहन की सहेली के घर अक्सर आती-जाती थी। घटना वाले दिन भी वह छोटी बहन के साथ वहां पहुंची थी और कुछ सामान लाने का बहाना बनाकर अपनी स्कूटी से छोटी बहन और उसकी सहेली को पुराने बस स्टैंड भेज दिया। दोनों के घर से बाहर निकलते ही उसने अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने संदेह के आधार पर श्रेया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गए करीब 2.20 लाख रुपये के पूरे जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने 22 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया।