
नईदुनिया न्यूज, डोंगरगढ़। ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी और तनाव में बदल गया, जब मंचीय कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने अचानक गांव के सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में सरपंच मानिकलाल वर्मा घायल हो गए, जिनके हाथ में चोट आई है। घायल सरपंच को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पंचायत प्रांगण में सुशासन तिहार 2026 के तहत शासन शिविर आयोजित किया गया था, जहां प्रशासन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण का दावा कर रहा था। इसी दौरान मंच से भाषण चल रहा था कि तभी गांव निवासी 36 वर्षीय जितेंद्र यादव ने अचानक सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को तुरंत पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
सरकारी आयोजनों के बीच खुलेआम हुई इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े सरकारी कार्यक्रम में सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे, जिसके कारण ऐसी घटना हो गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपित युवक कुछ दिन पहले ही मजदूरी कर बाहर से गांव लौटा था। फिलहाल सरपंच पर हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हमले के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बस्तर में सड़कों और पुलों के काम में आएगी तेजी, ढिलाई बरतने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट, PWD सचिव का कड़ा रुख
सुशासन तिहार जैसे सरकारी कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सरपंच पर हमला करने वाले आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया गया है।- सुमेंद्र खरे, मोहारा चौकी प्रभारी