
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उमापुर-पण्डरीपानी चौक से जयपुर मिडिल स्कूल (कोरिया सीमा) तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है।
कांग्रेस का आरोप है कि सड़क के बीच मौजूद चालू विद्युत खंभों को हटाए बिना ही उनके चारों ओर सीसी सड़क की ढलाई कर दी गई। इससे निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता के साथ ही राहगीरों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कांग्रेस जिला मीडिया प्रभारी अविनाश साहू ने बताया कि लोक निर्माण विभाग संभाग सूरजपुर के अंतर्गत इस सड़क के निर्माण के लिए शासन ने 369.93 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। अनुबंध के तहत बिलासपुर की मेसर्स अनिल बिल्डकॉन को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद निर्माण स्थल की स्थिति विभागीय निगरानी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है।
यह भी पढ़ें- विधवा को अनुकंपा नियुक्ति से CG High Court का इनकार, नौकरी के नाम पर लोगों से ठगे थे 13.50 लाख
साहू का आरोप है कि सड़क के बीचोंबीच चालू बिजली के खंभे मौजूद हैं। इन्हें हटाने अथवा सुरक्षित व्यवस्था बनाने के बजाय इनके आसपास ही सीसी सड़क की ढलाई कर दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जीएसबी कार्य के बाद सड़क पर लगातार धूल उड़ रही है। इससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बार-बार शिकायत के बावजूद निर्माण स्थल पर पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। वहीं निर्माण की गति भी काफी धीमी है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के उच्चाधिकारियों से स्वतंत्र तकनीकी जांच दल गठित कर सड़क निर्माण का तत्काल निरीक्षण कराने, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच करने तथा जांच पूरी होने तक नियमानुसार संबंधित भुगतान रोकने की मांग की है। साथ ही लापरवाही प्रमाणित होने पर ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।