
नईदुनिया न्यूज, सूरजपुर : गंभीर बीमारियों से जूझ रहे शिक्षकों को इलाज के बाद चिकित्सा प्रतिपूर्ति की राशि पाने के लिए महीनों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। चिकित्सा बिलों के भुगतान में लगातार हो रही देरी और विभागीय लापरवाही को लेकर छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ द्वारा उठाए गए मुद्दे के बाद अब शिक्षा विभाग हरकत में आया है।
जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने 23 नवंबर को जिले के सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) को पत्र जारी कर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के देयक निर्धारित समय-सीमा में जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। खास बात यह है कि डीईओ के पत्र में ही भुगतान में देरी की वजह डीडीओ स्तर से समय पर देयक प्रस्तुत नहीं किया जाना बताया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित डीडीओ सिविल सर्जन से पारित चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक समय पर जिला कार्यालय में प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं। इसके कारण कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि की मांग उच्च कार्यालय को भेजने में विलंब हो रहा है। इतना ही नहीं, समय पर भुगतान के लिए आवश्यक बजट आवंटन और पुनर्बंटन की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।
विभागीय पत्र में इस स्थिति को सामने लाए जाने के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि जब देयक प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है, तो उनकी देरी का खामियाजा बीमार शिक्षकों को क्यों भुगतना पड़ रहा है?
यह भी पढ़ें- बूथ जीता तो चुनाव जीता, अमर अग्रवाल का 143 बूथों को मास्टर प्लान
डीईओ ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा चिकित्सा परिचर्या नियम, 2013 के प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने के निर्देश दिए हैं। पत्र के अनुसार सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद ही भुगतान सुनिश्चित किया जाना है।
वहीं 25,001 रुपये से अधिक की राशि के भुगतान के लिए कार्योत्तर स्वीकृति प्राप्त करने के उद्देश्य से प्रकरण आयुक्त चिकित्सा शिक्षा छत्तीसगढ़ को सीधे डीडीओ के माध्यम से भेजने को कहा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद मांग पत्र के साथ देयक की छायाप्रति जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा।
संघ ने उठाई जवाबदेही तय करने की मांग
शालेय शिक्षक संघ के जिला सचिव गौतम शर्मा ने कहा कि जब विभागीय पत्र में ही डीडीओ स्तर से देयक समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात स्वीकार की गई है, तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि अब तक हुई देरी के लिए जिम्मेदार कौन है। महीनों तक इलाज के खर्च और कर्ज के बोझ से जूझ रहे शिक्षकों को अपनी ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि के लिए कार्यालयों के चक्कर क्यों लगाने पड़े?
संघ के जिलाध्यक्ष यादवेन्द्र दुबे ने कहा कि बीमार शिक्षक को राहत देने के बजाय उसे फाइलों के चक्कर में उलझाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति किसी अधिकारी की कृपा नहीं, बल्कि पात्र कर्मचारी का अधिकार है।संघ ने मांग की है कि केवल निर्देश जारी करने से समस्या का समाधान नहीं होगा।
जिले में लंबित सभी चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों की विकासखंडवार समीक्षा की जाए और विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उनके विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही पात्र शिक्षकों के लंबित भुगतान तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।
संघ ने स्पष्ट किया है कि उसकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के विरुद्ध है, जिसमें इलाज के बाद भी बीमार शिक्षक आर्थिक राहत के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। अब डीईओ का निर्देश जारी होने के बाद निगाहें उसके पालन पर टिकी हैं। देखना होगा कि शिक्षकों को उनका हक समय पर मिलता है या चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रकरण एक बार फिर सरकारी फाइलों में उलझकर रह जाते हैं।