_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, सूरजपुर : एक महीने के भीतर एक ही परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। पहले सड़क हादसे में मां की मौत हुई और अब पिता का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर में सामने आई इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। फिलहाल पति की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को कुबेरपुर निवासी चंद्रवती जायसवाल स्कूटी में पूजा का सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया था। इसी दौरान क्रेशर में आगजनी की घटना भी सामने आई थी। सड़क हादसे के बाद प्रशासनिक कार्रवाई और घटनाक्रम को लेकर एक शिक्षक एवं तहसीलदार का कथित ऑडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। हादसे के बाद से ही यह मामला क्षेत्र में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ था।
अब इसी परिवार से जुड़ी एक और दुखद खबर सामने आई है। मृत महिला के पति संजय जायसवाल पिता रामेश्वर जायसवाल 32 वर्ष का शव गुरूवार सुबह घर के समीप बिजली टावर के एंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन परिस्थितियों में पति ने यह आत्मघाती कदम उठाया अथवा उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है।
यह भी पढ़ें- कोरबा में बेटे की मौत के गम में मां ने लगाई फांसी, रानी रोड के घर में साड़ी के फंदे पर लटका मिला शव
दो मासूमों के भविष्य पर खड़ा हुआ बड़ा सवाल
इस पूरी घटना का सबसे पीड़ादायक पहलू दो मासूम बच्चों का भविष्य है। करीब एक महीने पहले सड़क हादसे में मां को खोने के बाद अब पिता की भी मौत हो गई। कम उम्र में ही माता-पिता दोनों को खो चुके बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस उम्र में बच्चों को माता-पिता के संरक्षण, स्नेह और सहारे की सबसे अधिक जरूरत होती है, उसी उम्र में उनका पूरा परिवार बिखर गया।
हादसे के बाद के हालात से कोई संबंध तो नहीं
महिला की सड़क हादसे में मौत के बाद उपजा आक्रोश, चक्काजाम, आगजनी और कथित ऑडियो वायरल होने के घटनाक्रम के बीच पति की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इन घटनाओं के बीच कोई संबंध है या पति की मौत के पीछे कोई पारिवारिक, सामाजिक अथवा अन्य वजह रही है, इस संबंध में फिलहाल कोई तथ्य सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।