
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित मोहरा एनीकट में रविवार दोपहर नहाने गए दो किशोर रेण नदी में डूब गए। दोनों की तलाश में डीडीआरएफ के गोताखोर लगाए गए हैं, लेकिन उनका पता नहीं चला। दो वर्षों के भीतर इस जलाशय में आधा दर्जन से अधिक युवकों की यहां डूबकर मौत हो चुकी है, इसके बावजूद अब तक न तो पुख्ता सुरक्षा इंतजाम हुए हैं और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए, जिससे यह स्थान लोगों के लिए ‘डेथ प्वाइंट’ बनता जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे कार्मेल कान्वेंट स्कूल बिश्रामपुर में नवमी में अध्ययनरत जयनगर निवासी 15 वर्षीय अयान अंसारी पिता मोहम्मद जावेद इराकी, अपने बड़े भाई आवेश तथा शिवनंदनपुर गवटिया पारा अपने ननिहाल आए 12 वर्षीय आदिल अंसारी पिता सेराज अंसारी सहित अन्य बच्चों के साथ मोहरा एनीकट गया था। बताया गया कि ये सभी बच्चे एक बाइक और एक स्कूटी में सवार होकर नहाने पहुंचे थे, जिनकी संख्या करीब आधा दर्जन थी।
आदिल अंसारी वर्तमान में मनेन्द्रगढ़ में मदरसा में रहकर पढ़ाई करता था और शबे-बारात की छुट्टी में अपने ननिहाल गवटिया पारा, शिवनंदनपुर आया हुआ था। नदी में उतरने के बाद बच्चों ने एनीकट के पास रेण नदी के बीच टीलानुमा स्थान पर कपड़े और चप्पल रखी और नहाने लगे। इसी दौरान अयान और आदिल गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। स्थिति को भांपते हुए बड़े भाई आवेश ने अयान को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव के कारण दोनों किशोर नदी में समा गए।
घटना के बाद घबराए आवेश और अन्य बच्चे किसी तरह नदी से बाहर निकले और शोर मचाकर ग्रामीणों व स्वजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी देर तक तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शाम करीब पांच बजे पुलिस की सूचना पर नगर सेना की डीडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया। देर शाम छह बजे तक दोनों नाबालिगों का कोई सुराग नहीं मिल सका। बिश्रामपुर पुलिस टीम भी मौके पर डटी हुई है।
यह भी पढ़ें- एक ही बाइक पर सवार थे पांच लोग, तीन की मौत, दो की हालत गंभीर, हेलमेट नहीं था, राजनांदगांव की घटना
मोहरा एनीकट में 28 मई को सुरजपुर के हाईस्कूल पारा निवासी 14 वर्षीय अविनाश देवांगन और भठ्ठा पारा निवासी 15 वर्षीय भानु निषाद की भी इसी स्थान पर डूबकर मौत हो गई थी। इसके पहले नवापारा व अन्य क्षेत्रों के युवकों की भी जान जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद भी सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।