
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं मुख्य एवं द्वितीय बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं से संबंधित विभिन्न सुविधाओं के लिए आवेदन का अवसर दिया है। मुख्य बोर्ड परीक्षा का परिणाम 15 अप्रैल और द्वितीय बोर्ड परीक्षा का परिणाम 18 जुलाई को घोषित किया गया था।
सीबीएसई द्वारा विद्यार्थियों को मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रति प्राप्त करने, अंकों का सत्यापन कराने तथा एक या अधिक उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन की सुविधा दी गई है। स्कैन की गई उत्तर पुस्तिका की प्रति प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 5 अगस्त से शुरू हुई है।
अंतिम तिथि 9 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके लिए विद्यार्थियों को प्रति विषय 300 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं, अंकों के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन के लिए विद्यार्थी 16 अगस्त से 19 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड ने विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में आवेदन करने की सलाह दी है।
सीबीएसई कक्षा 12वीं की सप्लीमेंट्री परीक्षा 28 जुलाई को आयोजित की गई थी। परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षा और गोपनीयता के साथ इंदौर, भोपाल और उज्जैन भेजा गया था। इसी तरह अन्य क्षेत्रों की उत्तर पुस्तिकाएं भी मूल्यांकन के लिए संबंधित केंद्रों पर पहुंचाई गईं।