
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ने स्नातकोत्तर (पीजी) कोर्स की परीक्षा अप्रैल पहले सप्ताह से रखी है। डेढ़ दर्जन से ज्यादा कोर्स की परीक्षा का टाइम टेबल जारी कर दिया है। चौथे सेमेस्टर की परीक्षा 20 दिनों में खत्म होगी।
अप्रैल तीसरे सप्ताह से विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन किया जाएगा। 45 दिनों में कापियां जांचने का काम पूरा किया जाएगा। मई अंतिम सप्ताह से चौथे सेमेस्टर के रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक पीजी दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा मई में आयोजित होगी।
फरवरी पहले सप्ताह में विश्वविद्यालय ने परीक्षा शेड्यूल बना दिया है, जिसमें एमएड, एमएसडब्ल्यू, एमए, एमकाम, एमएससी, एमएचएससी और एमबीए कोर्स शामिल हैं। चौथे सेमेस्टर में 27 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इसके लिए दस मार्च तक केंद्र निर्धारित किए जाएंगे। कुछ केंद्रों पर आब्जर्वर भी नियुक्त होंगे, जो संवेदनशील केंद्रों पर नकल रोक सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अशेष तिवारी का कहना है कि पारंपरिक और व्यावसायिक स्नातकोत्तर कोर्स की परीक्षा अप्रैल में रखी है। पेपर खत्म होते ही विद्यार्थियों की कापियों का मूल्यांकन तुरंत शुरू किया जाएगा। वे कहते हैं कि उच्च शिक्षा विभाग के एकेडमी कैलेंडर के मुताबिक 30 जून तक सभी पाठ्यक्रम के रिजल्ट घोषित करना है।
एमबीए चौथे और दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा अप्रैल से मई के बीच रखी है, जिसमें एमबीए मार्केटिंग मैनेजमेंट, फाइनेंशियल मैनेजमेंट, हाकी एडमिनिस्ट्रेशन, ह्यूमन रिसोर्स, आइबी, फुल टाइम सहित अन्य पाठ्यक्रम शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने इन पाठ्यक्रम की परीक्षा से ऑनलाइन मूल्यांकन की व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई है।
इन कोर्स के विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिका को स्कैन कर मूल्यांकनकर्ताओं को भेजा जाएगा। सॉफ्टवेयर के माध्यम से मूल्यांकनकर्ताओं को कापियां प्राप्त होंगी, जिन्हें ऑनलाइन जांचने के बाद विद्यार्थियों के अंक भी अपलोड करना होंगे। इसके बाद विश्वविद्यालय ने बाकी कोर्स में ऑनलाइन मूल्यांकन की व्यवस्था अपनाने पर जोर दिया है।
यह भी पढ़ें : मध्य प्रदेश में धीरे-धीरे बढ़ रहा तापमान, लोगों को ठंड से मिली राहत