जीवाजी विश्वविद्यालय में पीजी व विधि परीक्षा फार्म भरने की संशोधित तिथियां घोषित, 30 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन
विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं और संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित, भूतपूर्व एवं एटीकेटी परीक्षार्थी बिना विलंब शुल्क के 30 नवंबर 2026 तक अपने परीक्षा फार्म जमा कर सकेंगे।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 02:47:29 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 02:48:37 PM (IST)
HighLights
- विलंब शुल्क के साथ तीन दिसंबर तक का मौका
- एमए, एमएससी सहित पीजी डिप्लोमा व विधि के फार्म शामिल
- परीक्षा आवेदन के लिए एबीसी आईडी अनिवार्य
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाली स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा और विधि संकाय की विभिन्न सेमेस्टर परीक्षाओं के आवेदन पत्र भरने की संशोधित तिथियां घोषित कर दी हैं। विश्वविद्यालय की अध्ययनशालाओं और संबद्ध महाविद्यालयों के नियमित, भूतपूर्व एवं एटीकेटी परीक्षार्थी बिना विलंब शुल्क के 30 नवंबर 2026 तक अपने परीक्षा फार्म जमा कर सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक ने की अधिसूचना जारी
परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 30 नवंबर की समय-सीमा चूकने वाले विद्यार्थियों को विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा। छात्र 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ एक दिसंबर, 1000 रुपये विलंब शुल्क के साथ दो दिसंबर तथा 2000 रुपये विलंब शुल्क के साथ तीन दिसंबर 2026 तक महाविद्यालय या अध्ययनशाला में फार्म जमा कर सकेंगे। संबंधित संस्थानों द्वारा जांचोपरांत आवेदन पत्रों को विश्वविद्यालय कार्यालय में अग्रेषित करने की अंतिम तिथि चार दिसंबर निर्धारित की गई है।
इन पाठ्यक्रमों के लिए जारी हुई अधिसूचना
संशोधित कार्यक्रम के तहत अध्ययनशाला और महाविद्यालयों के एमए, एमकाम, एमएससी और एमएससी (होम साइंस) प्रथम सेमेस्टर (एनईपी स्कीम) के नियमित, भूतपूर्व व एटीकेटी छात्रों के फार्म भरे जाएंगे। इसके अतिरिक्त अध्ययनशाला के पीजी डिप्लोमा (योगा, म्यूजियोलोजी व गाइडेंस एंड काउंसलिंग) प्रथम सेमेस्टर, महाविद्यालय के एलएलएम प्रथम सेमेस्टर और अध्ययनशाला व कालेज के बीएएलएलबी (पांच वर्षीय) प्रथम सेमेस्टर (नियमित, भूतपूर्व, एटीकेटी) व आठवें व 10वें सेमेस्टर (केवल जून 2026 के एटीकेटी पात्र छात्र) भी आवेदन कर सकेंगे। एमए में प्रायोगिक विषय लेने वाले छात्रों को 400 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा, वहीं महाविद्यालयीन छात्रों से 215 रुपये महाविद्यालयीन अग्रेषण एवं संचालन शुल्क अलग से लिया जाएगा।
बिना एबीसी आइडी मान्य नहीं होंगे फार्म
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अकादमिक बैंक आफ क्रेडिट में पंजीयन के बिना किसी भी छात्र का परीक्षा फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। छात्रों को आवेदन की हार्डकापी के साथ एबीसी आइडी की कंप्यूटर जनरेटेड प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। यदि कोई महाविद्यालय बिना एबीसी सत्यापन या अपात्र छात्र का फार्म अग्रेषित करता है, तो उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य या विभागाध्यक्ष की होगी। यह अंतिम अवसर है, इसके बाद तिथियों में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।