
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ ही सरकारी और निजी काॅलेजों में विद्यार्थियों की भीड़ बढ़ गई है। शहर साइबर कैफे, ऑनलाइन सेंटर और कॉलेज हेल्प डेस्क पर छात्र-छात्राओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।
12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों में बेहतर काॅलेजों और लोकप्रिय पाठ्यक्रमों में प्रवेश पाने की होड़ तेज हो गई है। खासतौर पर साइंस, काॅमर्स और प्रोफेशनल कोर्सेस के लिए अधिक संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं। लोकप्रिय कोर्स और काॅलेजों में प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।
विद्यार्थियों का कहना है कि शुरुआत में ही आवेदन कर मनचाहे काॅलेज में सीट सुनिश्चित करना चाहते हैं। प्रवेश प्रक्रिया उच्च शिक्षा विभाग के पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। पोर्टल पर एक मई से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन 2 मई से 16 मई तक किया जाएगा। इसके बाद प्रथम चरण की मेरिट सूची 20 मई को जारी की जाएगी।
जिन विद्यार्थियों का चयन होगा, उन्हें 20 मई से 26 मई के बीच ऑनलाइन शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में फीस जमा नहीं करने पर सीट स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
शिक्षा विभाग और काॅलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को अंतिम समय का इंतजार नहीं करने की सलाह दी है। अधिकारियों के अनुसार अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं। ऐसे में समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।
प्रवेश प्रक्रिया के लिए विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकसूची, आधार कार्ड, जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र तथा एबीसी आईडी तैयार रखने को कहा गया है। कई छात्र साइबर कैफे के माध्यम से आवेदन कर रहे हैं, जबकि कुछ विद्यार्थी घर से ही आनलाइन प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
उच्च शिक्षा विभाग ने इस वर्ष भी प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिल सके। पहले चरण के बाद दूसरा चरण और काॅलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) राउंड भी आयोजित किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- सीबीएसई टाॅपर बोले- टेंशन फ्री रहने के लिए खेले गेम, प्रैक्टिस कर बढ़ाई राइटिंग स्पीड, मनोयोग से की पढ़ाई