
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में उज्जैन एक बड़ा माडल बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव की पहल ‘प्रोजेक्ट स्वाध्याय (कोडिंग फार आल)’ अब अपने दूसरे चरण में प्रवेश कर रहा है। अप्रैल से जिले के करीब 40 हजार विद्यार्थियों को कोडिंग प्रशिक्षण से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
एक दिन पहले हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा जाए, ताकि सरकारी स्कूलों के बच्चे भी तकनीकी दक्षता में निजी स्कूलों के समकक्ष खड़े हो सकें। मालूम हो कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की शुरुआत 29 दिसंबर 2025 को उज्जैन के क्षीरसागर स्टेडियम में हुई थी, जब मुख्यमंत्री ने इसका औपचारिक शुभारंभ किया।
उस समय उन्होंने कहा था कि “मध्यप्रदेश का असली टेक टैलेंट सरकारी स्कूलों से निकलेगा।” यह पहल जिला प्रशासन की रणनीतिक सोच का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य डिजिटल शिक्षा के जरिए छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करना है। जिला शिक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी है कि प्रोजेक्ट स्वाध्याय सहित अन्य सभी विभागीय कार्य समय सीमा में पूर्ण होने चाहिए।
बैठक में उपस्थित ई-दक्ष केंद्र मैनेजर अंकित बिसेन और तकनीकी सहयोग टीम (अनीश पांडे व शिवम बिल्लौरे) ने डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस डिजिटल क्रांति के माध्यम से उज्जैन के सरकारी स्कूलों के बच्चे अब केवल तकनीक के उपभोक्ता नहीं, बल्कि भविष्य के 'निर्माता' बनने की ओर अग्रसर हैं।
यह एक पूर्णतः निःशुल्क और मोबाइल आधारित प्रशिक्षण प्रोग्राम है। प्रशिक्षण 'कोड योगी' प्लेटफार्म और टेलीग्राम ऐप के माध्यम से तीन से छह माह तक दिया जाएगा। कोडिंग सीखने के बाद विद्यार्थी स्वयं के ऐप्स और साफ्टवेयर बना सकेंगे, जिससे उनके लिए भविष्य में आय के नए स्रोत खुलेंगे। कोर्स पूरा करने पर विद्यार्थियों को आधिकारिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो उनके करियर में सहायक होगा।
इस पहल के साथ उज्जैन के सरकारी स्कूलों के छात्र अब केवल तकनीक का उपयोग करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नए डिजिटल उत्पादों के निर्माता बनेंगे। शिक्षा के इस बदलते स्वरूप में उज्जैन की यह पहल न सिर्फ जिले, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए एक प्रेरक माडल बनने की ओर बढ़ रही है।