
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को रखी गई है। जहां इंदौर जिले में 27 केंद्र बनाए है, जिसमें 12 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी। गुरुवार को संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने बैठक बुलाई।
गुरुवार को संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने बैठक में अधिकारियों और परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्षों से चर्चा की गई। संभागायुक्त सुदाम खाड़े ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा दो चरणों में रखी गई है। पहला पेपर सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे और दूसरा पेपर दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा।
प्रशासन ने दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एक विशेष परीक्षा केंद्र भी बनाया है। ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त राजस्व सपना लोवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद सिंह सहित नगर निगम, बिजली विभाग, पोस्ट आफिस और कोषालय विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया है।अधिकारियों के मुताबिक अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश सिर्फ आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड किए गए ई-एडमिट कार्ड के आधार पर ही मिलेगा। उम्मीदवार उसी परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे सकेंगे, जिसका उल्लेख उनके एडमिट कार्ड में किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वाच, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, डिजिटल घड़ी, बैग और अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। अभ्यर्थियों को केवल पेन, पेंसिल, फोटो आइडी और एडमिट कार्ड में उल्लेखित जरूरी वस्तुएं ही साथ ले जाने की अनुमति होगी।
MPPSC ने राज्य पात्रता परीक्षा (सेट)-2025 के परिणाम किए घोषित