
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। असिस्टेंट प्रोफेसरों के लिए चार चरणों में हो रही परीक्षा के दूसरे चरण में शामिल होने के लिए कल (26 जून) आवेदन का अंतिम मौका है।
28 जून तक त्रुटि सुधार के बाद महज एक माह में ही इन अभ्यर्थियों की 2 अगस्त को परीक्षा होगी। 30 अगस्त व 18 अक्टूबर को होने वाले तीसरे व चौथे चरण के अभ्यर्थियों के लिए अभी आवेदन ही शुरू नहीं हुए। इन आवेदकों को फॉर्म डालने के बाद तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिलेगा।
कुल चार चरणों में होने वाली परीक्षा में 19 विषयों के लिए 1239 असिस्टेंट प्रोफेसरों के पदों के लिए चयन होना है। 12 से 26 जून तक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ समय और देने की मांग उठाना शुरू कर दी है, क्योंकि फॉर्म भरने के एक माह बाद ही 2 अगस्त को उनकी परीक्षा होगी। 30 अगस्त को होने वाली तीसरे चरण की परीक्षा के लिए तो पीएससी ने अब तक आवेदन ही शुरू नहीं किए। संभवतः इन्हें फॉर्म भरने के बाद एक माह का समय भी नहीं मिलेगा। पहले चरण की परीक्षा 12 जुलाई को होना है।
पहला चरण: इसमें संस्कृत, भूगोल, मनोविज्ञान, विधि, भू-गर्भशास्त्र, यौगिक विज्ञान विषयों के लिए परीक्षा होगी। आवेदन फरवरी-मार्च में जमा हुए। परीक्षा 12 जुलाई को प्रस्तावित।
दूसरा चरण: इसमें वाणिज्य, राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, समाज शास्त्र, हिंदी और अंग्रेजी विषय को शामिल किया है। इसके लिए 12 से 26 जून तक फॉर्म जमा होंगे। परीक्षा एक माह बाद ही 2 अगस्त को प्रस्तावित।
तीसरा चरण: भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, इतिहास, वनस्पति शास्त्र और गणित शामिल है। परीक्षा की तारीख पहले से 30 अगस्त घोषित है। लेकिन फॉर्म भरना अब तक शुरू नहीं हुए।
चौथा चरण: प्राणी शास्त्र और कम्प्यूटर विज्ञान विषयों के लिए परीक्षा होगी। परीक्षा 18 अक्टूबर को प्रस्तावित। फॉर्म की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई।
इससे पहले साल 2022 में 34 विषयों के लिए 1669 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की। 2024 में 23 विषयों के लिए 1918 पदों के लिए भर्ती निकली। साल 2025 में कम्प्यूटर साइंस विषय के 87 पदों की भर्ती और अब दिसंबर-2025 में 19 विषयों के लिए 1239 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।
800 अंकों के दो प्रश्न पत्र होंगे। पहला जनरल नॉलेज और कम्प्यूटर का 200 अंक का पेपर होगा। इसमें 50 प्रश्न पूछेंगे। दूसरा प्रश्न पत्र चयनित विषय का 600 अंकों का होगा।
एमपी पीएससी की सभी परीक्षाओं में अब माइनस मार्किंग रहेगी। रही बात फॉर्म भरने के बाद तैयारी के समय की तो हमने विज्ञापन दिसंबर-2025 में ही जारी कर दिया था। तभी से अभ्यर्थी तैयारी कर रहे हैं। 2024 में परीक्षा पास अभ्यर्थियों के साक्षात्कार चल रहे हैं। उनके परिणाम के बाद ही फॉर्म भरवा रहे हैं, ताकि इनमें चयनित अभ्यर्थी फिर से आवेदन न करें। – डॉ. आर पंचभाई, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, एमपी पीएससी इंदौर
एमपीपीएससी का मोह होने लगा कम, प्रतियोगी परीक्षाओं में घटने लगे अभ्यर्थी