
कपिल नीले, नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाओं को लेकर अभ्यर्थियों की रूचि कम होने लगी है। कभी लाखों अभ्यर्थियों की पहली पसंद रही राज्य सेवा परीक्षा में अब आवेदनों की संख्या कम हो गई है। यहां तक कि जो आवेदन कर रहे हैं। उनमें से भी बड़ी संख्या परीक्षा देने नहीं पहुंच रहे। हालात ऐसे हैं कि अब करीब 50 फीसदी उम्मीदवार ही परीक्षा केंद्र तक पहुंच रहे हैं।
आंकड़ों के मुताबिक 2019 में 571 पदों के लिए लगभग 3 लाख 66 हजार आवेदन आए थे। महज छह साल में अभ्यर्थियों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है। 2025 की राज्य सेवा परीक्षा में आवेदन घटकर सिर्फ 1 लाख 18 हजार रह गए। 2026 में आवेदन की संख्या जरूर बढ़ी है, लेकिन वह भी डेढ़ लाख के भीतर रहे है। 2026 में 1 लाख 35 हजार अभ्यर्थियों ने पंजीयन करवाया था, लेकिन परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या आधी ही रही।
यह स्थिति सिर्फ बड़ी परीक्षाओं तक सीमित नहीं है। बल्कि छोटी भर्तियों में भी यही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। आयोग के ओएसडी रवींद्र पंचभाई का कहना है कि संबंधित विभाग की तरफ से रिक्त पदों की जानकारी मिलती है। उसके आधार पर भर्ती परीक्षा आयोजित होती है। पद बढ़ाने और घटाने का अधिकारी आयोग के पास नहीं रहता है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि एमपीपीएससी का सिलेबस जरूरत से ज्यादा बड़ा और बिखरा हुआ है। इसमें कई विषयों को एक साथ शामिल किया गया है, जिससे तैयारी कठिन हो जाती है। कई टापिक्स ऐसे हैं जिनकी पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्टडी मटेरियल तक उपलब्ध नहीं होता। यही कारण है कि नए छात्र तैयारी शुरू करने से पहले ही पीछे हट जाते हैं।
कोचिंग संस्थानों के सामने भी पूरा सिलेबस समय पर खत्म करवाना चुनौती बन गया है। छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता और वे परीक्षा से दूरी बना लेते हैं। विशेषज्ञ डा. ब्रिजेश चौहान का कहना है कि आयोग को संघ लोक सेवा आयोग की तरह सटीक और संतुलित सिलेबस तैयार करना चाहिए।
पदों की संख्या में लगातार गिरावट भी युवाओं की चिंता बढ़ा रही है। 2019 में जहां 571 पद थे। वहीं अब भर्ती संख्या काफी कम हो चुकी है। कम पदों के कारण प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है और चयन की संभावना घटने से कई उम्मीदवार तैयारी छोड़ रहे हैं।
राज्य सेवा के अलावा अभ्यर्थियों की दिलचस्पी बाकी प्रतियोगी परीक्षाओं में भी कम हो गई है। इसका असर परीक्षा की उपस्थित पर नजर आ रहा है।

नीट पेपर लीक का सीहोर कनेक्शन... गिरफ्तार आरोपी शुभम निकला सत्यसाई यूनिवर्सिटी का छात्र