बिहार के बेगूसराय में राहुल गांधी का देसी अंदाज, तालाब में कूदे, मछुआरों संग पकड़ी मछलियां, देखें वीडियो
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को बेगूसराय में कुछ ऐसा किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया।
Publish Date: Sun, 02 Nov 2025 05:45:18 PM (IST)
Updated Date: Sun, 02 Nov 2025 05:46:23 PM (IST)
बिहार के बेगूसराय में तालाब में मछुआरों संग मछलियां पकड़ते राहुल गांधी।HighLights
- पारंपरिक अंदाज में तालाब में मछुआरों संग मछली पकड़ी
- वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और कन्हैया कुमार थे मौजूद
- ग्रामीणों ने पारंपरिक ढंग से राहुल गांधी का स्वागत किया
डिजिटल डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को बेगूसराय में कुछ ऐसा किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। राहुल गांधी ने यहां पारंपरिक अंदाज में तालाब में छलांग लगाई और स्थानीय मछुआरों के साथ मिलकर मछली पकड़ने की पुरानी प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
6 नवंबर को पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में राहुल गांधी का यह अंदाज न केवल जनसंपर्क का नया तरीका दिखा रहा है, बल्कि यह भी संकेत दे रहा है कि कांग्रेस अब सीधे तौर पर जनता के बीच पहुंचने के लिए अलग रणनीति पर काम कर रही है।
जैसे ही मुकेश सहनी तालाब में उतरे, राहुल ने भी छलांग लगा दी
इस मौके पर उनके साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार भी मौजूद थे। तीनों नेताओं को एक साथ तालाब में उतरते देख ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही पूरे इलाके में चहल-पहल थी। ग्रामीणों ने पारंपरिक ढंग से राहुल गांधी का स्वागत किया। जैसे ही मुकेश सहनी तालाब में उतरे, राहुल गांधी ने भी बिना देर किए छलांग लगा दी और मछुआरों के साथ जाल डालने लगे।
ग्रामीणों के साथ बैठकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया
मछली पकड़ने के बाद राहुल गांधी, कन्हैया कुमार और मुकेश सहनी ने ग्रामीणों के साथ बैठकर स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी लिया। राहुल गांधी का यह अनोखा अंदाज़ अब सोशल मीडिया पर छा गया है। तालाब में उतरकर मछली पकड़ते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।