
एंटरटेनमेंट डेस्क। मध्य प्रदेश का शहडोल जिला लगातार विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहा है। अब इस सूची में एक और नाम जुड़ गया है। शहडोल के युवा कलाकार कनिष्क विजय दुबे की पहली बॉलीवुड फिल्म ‘रजनी की बारात’ 29 मई को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में कनिष्क विजय ‘रज्जन’ नामक किरदार निभाते नजर आएंगे।
.jpeg)
कनिष्क की इस उपलब्धि को लेकर शहडोल में उत्साह का माहौल है। परिवार और परिचितों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
फिल्म ‘रजनी की बारात’ एक सामाजिक संदेश देने वाली कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसका केंद्र महिला सशक्तिकरण है। फिल्म की कहानी रजनी नाम की युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार अभिनेत्री उल्का गुप्ता निभा रही हैं।
कहानी के अनुसार, रजनी दरभंगा की रहने वाली है। जब उसके प्रेमी के पुलिसकर्मी पिता उसकी शादी किसी और से तय कर देते हैं, तब वह खुद अपनी बारात लेकर निकल पड़ती है। यह कहानी सामाजिक परंपराओं को चुनौती देने वाले साहसिक फैसले को दर्शाती है।
फिल्म में कनिष्क विजय दुबे के अलावा उल्का गुप्ता, अश्वथ भट्ट, सुनीता राजवार और ज़रीना वहाब भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। अश्वथ भट्ट फिल्म में मल्खान सिंह का किरदार निभा रहे हैं, जबकि सुनीता राजवार मां और जरीना वहाब दादी की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन आदित्य अमन ने किया है।
कनिष्क विजय दुबे के पिता विजय दुबे ने बताया कि उनके बेटे ने अनुपम खेर की अकादमी से अभिनय का प्रशिक्षण लिया है। इसके अलावा उन्होंने एएएफटी दिल्ली से बीएससी इन सिनेमा और डिप्लोमा इन एक्टिंग किया है। विजय दुबे के अनुसार, कनिष्क 20 वर्ष की उम्र में ही मुंबई चले गए थे। उन्होंने ‘रप्त’ और ‘रंग’ जैसी शॉर्ट फिल्मों में भी काम किया है। अभिनय के साथ-साथ वे निर्देशन और लेखन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
परिवार का कहना है कि ‘रजनी की बारात’ कनिष्क विजय की पहली मुख्य भूमिका वाली फिल्म है। इस फिल्म के जरिए वे शहडोल की पहचान राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए तैयार हैं।