
एंटरटेनमेंट डेस्क। दुनियाभर के सिनेमा प्रेमियों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। 'द बैटमैन' और 'द ओडिसी' जैसी चर्चित फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से लोहा मनवा चुके अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन (Robert Pattinson) को आधिकारिक रूप से अगला जेम्स बॉन्ड चुन लिया गया है। इस घोषणा के साथ ही पिछले कई महीनों से 'एजेंट 007' की कास्टिंग को लेकर चल रहे तमाम कयासों और अफवाहों पर पूरी तरह से विराम लग गया है।

रॉबर्ट पैटिनसन अब दिग्गज अभिनेता डैनियल क्रेग (Daniel Craig) की जगह लेंगे, जिन्होंने पांच फिल्मों में इस प्रतिष्ठित ब्रिटिश जासूस की भूमिका को जीवंत किया था। क्रेग ने साल 2006 में आई फिल्म 'कैसिनो रॉयल' (Casino Royale) से इस सफर की शुरुआत की थी और 2021 की फिल्म 'नो टाइम टू डाई' (No Time to Die) के साथ इस किरदार को अलविदा कह दिया था।
उस फिल्म के क्लाइमेक्स में दुनिया को एक बड़े खतरे से बचाते हुए जेम्स बॉन्ड ने अपना सर्वोच्च बलिदान दे दिया था। अब करीब दो दशक बाद फ्रेंचाइजी को नए चेहरे के रूप में पैटिनसन मिले हैं।
मशहूर लेखक इयान फ्लेमिंग के उपन्यासों पर आधारित इस विश्वप्रसिद्ध जासूसी फ्रेंचाइजी का आगाज साल 1962 में रिलीज हुई फिल्म 'डॉ. नो' (Dr. No) से हुआ था, जिसमें शॉन कॉनरी पहली बार बड़े पर्दे पर 007 बनकर उतरे थे। इसके बाद से अब तक इस सीरीज की कुल 25 फिल्में आ चुकी हैं, जिनमें छह अलग-अलग अभिनेताओं ने बॉन्ड का किरदार अदा किया है। अब 26वीं फिल्म में रॉबर्ट पैटिनसन इस ऐतिहासिक किरदार की कमान संभालते दिखाई देंगे।

निर्माताओं ने फिलहाल नए 'एजेंट 007' के नाम पर तो मुहर लगा दी है, लेकिन फ्रेंचाइजी की इस 26वीं फिल्म के शीर्षक (टाइटल), निर्देशक और बाकी स्टार कास्ट से जुड़ी जानकारी को अभी गुप्त रखा गया है। माना जा रहा है कि मेकर्स जल्द ही फिल्म के नाम और इसकी रिलीज डेट को लेकर भी बड़ा खुलासा करेंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में झूमे हजारों फैंस, 'गोट' से 'बॉर्न टू शाइन' तक गूंजा स्टेडियम