
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। फिल्म हनुमान अंश की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर को स्टीव जॉब्स ने नीम करोली बाबा पर फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। इस बात का खुलासा खुद 21 साल की अनुप्रिया ने किया है। अनुप्रिया ने कहा कि UK में इकोनॉमिक्स की पढ़ाई करते हुए उन्हें एप्पल के दिवंगत को-फाउंडर और नीम करौली बाबा के कनेक्शन के बारे में पता चला। तब भारत लौटने के बाद, वह फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी से मिलीं, जो नीम करौली बाबा पर एक फिल्म बना रहे थे। फिर जो कुछ भी हुआ…वह इत्तेफाक से हुआ।
एक इंटरव्यू में अनुप्रिया ने कहा- मैंने UK से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया है। मैं वहां तीन साल तक रही। मैंने पिछले साल ही ग्रेजुएशन पूरा किया। फिल्म बनाना या भारत लौटना कभी भी मेरे प्लान का हिस्सा नहीं था। मैं स्विट्जरलैंड जाने का प्लान बना रही थी, जहां मुझे आर्ट इंडस्ट्री में एक बहुत अच्छी नौकरी मिल गई थी।
अनुप्रिया ने कहा- कॉलेज के आखिरी साल में, मैं कई टेक कंपनियों के बारे में रिसर्च कर रही थी। मैं यह पता लगाने की कोशिश कर रही थी कि Apple और Meta के फाउंडर्स को ये आइडिया कहां से मिले। एक आर्टिकल पढ़ते समय मुझे पता चला कि स्टीव जॉब्स पर नीम करौली बाबा का असर था। कैंची धाम में ही उन्हें दुनिया का पहला कलर कंप्यूटर बनाने का आइडिया आया था। वह आर्टिकल पढ़कर मुझे हैरानी हुई कि एक भारतीय संत के बारे में मुझे किसी विदेशी से जानकारी क्यों मिल रही है? इसी बात ने मुझे इस बारे में और रिसर्च करने के लिए प्रेरित किया।
नागर ने कहा- मैंने पहले एक किताब या कॉमिक बुक लिखने के बारे में सोचा था। तब मैं सिर्फ 20 साल की थी। लेकिन जब मैं भारत आई, तो मेरी मुलाकात विशाल चतुर्वेदी से हुई, जो नीम करौली बाबा पर एक फिल्म बना रहे थे। यह सब बिना किसी प्लान के हुआ- पूरी तरह से एक इत्तेफाक था।
आगे कहा- पैसा कभी भी इस प्रोजेक्ट को शुरू करने की वजह नहीं थी। महाराज जी पर फिल्म बनाना एक रिस्क था, लेकिन सच कहूं तो, इसे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिए बनाना मेरा मकसद कभी नहीं था। मुझे खुशी है कि लोग इसे पसंद कर रहे हैं और देख रहे हैं। पहले जबल यह फ्लॉप हुई तो हमारा मनोबल टूट गया था। लेकिन, अचानकत ऐसा होना बहुत शॉकिंग है। मैं अभी सिर्फ 21 साल की हूं, मुझे तो यह भी नहीं पता कि इतने सारे पैसों का मैं क्या करूंगी। मेरी फैमिली मुझसे बहुत खुश है।
नीम करोली बाबा, जिन्हें उनके भक्त महाराज जी के नाम से भी जानते हैं, 20वीं सदी के प्रसिद्ध संतों में गिने जाते हैं। उनका जीवन भक्ति, सेवा और मानवता के संदेश से जुड़ा रहा।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ भी उनके जीवन से प्रेरित आध्यात्मिक कहानी है। फिल्म में युवा लक्ष्मीनारायण की आध्यात्मिक खोज से लेकर नीम करोली बाबा बनने तक की यात्रा को सिनेमाई रूप में दिखाया गया है। यह पारंपरिक अर्थों में सीधी बायोपिक नहीं, बल्कि उनके जीवन से प्रेरित आध्यात्मिक यात्रा के तौर पर प्रस्तुत की गई है।
हनुमान अंश 7 अगस्त 2026 को रिलीज हुई। पहले दिन यह फिल्म 10 लाख का ही कलेक्शन कर पाई थी। शुरुआत इतनी धीमी थी कि पहले 2 हफ्तों में फिल्म ने सिर्फ 80 से 90 लाख का ही कलेक्शन किया। इसे 2 करोड़ के बजट में बनाया गया था। लेकिन धीरे-धीरे अच्छे रिएक्शन और वर्ड ऑफ माउथ के बाद फिल्म की कमाई में तेजी आई। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म भारत में 163.13 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर चुकी है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन 192.75 करोड़ पहुंच चुका है। यह 200 करोड़ के बेहद करीब है।
फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने डायरेक्ट किया है। इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर हैं। फिल्म में कई एक्टर्स जैसे शोभिनौ सत्या, चंदन आनंद, विहान शेडगे, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे, राजीव मिश्रा और भगवान दास पटेल शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा रही 'हनुमान अंश', अगले पार्ट में नजर आएंगे विराट-अनुष्का? प्रोड्यूसर ने दिया बड़ा हिंट