
मनोरंजन डेस्क, नई दिल्ली। जिस फिल्म से मेकर्स और ऑडियंस को बॉक्स ऑफिस पर तूफान आने की उम्मीद थी, वही फिल्म कुछ ही दिनों में कमाई के लिए जूझती नजर आने लगी। बात हो रही है यश की फिल्म टॉक्सिक की। KGF जैसी ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी से यश ने जो जबरदस्त फैन बेस बनाया, उसका असर फिल्म की ओपनिंग पर तो साफ दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद कहानी पूरी तरह बदल गई।
करीब 500 करोड़ या उससे ज्यादा के बजट वाली इस फिल्म ने पहले दिन शानदार शुरुआत की, लेकिन दूसरे दिन से ही कमाई में तेज गिरावट देखने को मिली। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, 14 दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन करीब 247.20 करोड़ और वर्ल्डवाइड ग्रॉस करीब 338.32 करोड़ रहा।
अब सवाल है कि जिस फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा कमा लिए, वह इतनी जल्दी बॉक्स ऑफिस पर क्यों फिसल गई?
फिल्म की मुश्किलें सिनेमाघरों तक पहुंचने से पहले ही शुरू हो गई थीं। टॉक्सिक को पहले ईद/मार्च 2026 के आसपास रिलीज करने की तैयारी थी। इसी दौरान रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2’ के साथ क्लैश की स्थिति बन रही थी। दो बड़ी फिल्मों के बीच स्क्रीन शेयरिंग और ओपनिंग को लेकर मुकाबला न हो। इसलिए मेकर्स ने रिलीज को टालकर 26 अगस्त 2026 कर दिया। डेट बदलने से टकराव तो टला, लेकिन ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक इससे प्रमोशन की रफ्तार प्रभावित हुई।
टॉक्सिक का प्रमोशन भी फिल्म के लिए दोधारी तलवार साबित हुआ। वहीं, ट्रेलर में डार्क और नियो-नोयर माहौल, स्टाइलिश एक्शन और हिंसा का इस्तेमाल खूब किया गया। यहीं फिल्म के सामने एक मुश्किल खड़ी हो गई।
जो ऑडियंस यश से ‘KGF’ जैसी सीधी और हाई-ऑक्टेन मसाला फिल्म की उम्मीद कर रहे थे, उन्हें ट्रेलर कुछ ज्यादा ही एक्सपेरिमेंटल लगा।
26 अगस्त को फिल्म रिलीज हुई और पहले दिन यश की स्टार पावर ने कमाल कर दिया। ट्रेड आंकड़ों के मुताबिक, टॉक्सिक ने Day 1 पर भारत में 101.10 करोड़ नेट कमाए और दुनिया भर में करीब 140 करोड़ का आंकड़ा पार किया। कर्नाटक से लेकर हिंदी बेल्ट और विदेशी बाजारों तक यश के फैंस बड़ी संख्या में थिएटर पहुंचे। लेकिन असली परीक्षा दूसरे दिन शुरू हुई।
फिल्म की कमाई का ग्राफ कुछ इस तरह नीचे आया-
यानी पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन ही फिल्म की कमाई में करीब 62.7 % की गिरावट बताई गई। इसके बाद फिल्म का कलेक्शन लगातार नीचे जाता गया और 14वें दिन डेली कलेक्शन 1 करोड़ से भी नीचे पहुंच गया।
फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को समझने के लिए सबसे अहम शब्द है- वर्ड ऑफ माउथ।
यश की स्टार पावर ऑडियंसों को पहले दिन थिएटर तक ले आई, लेकिन फिल्म को लंबे समय तक चलाने के लिए ऑडियंसों की सकारात्मक प्रतिक्रिया जरूरी थी।
वहीं, फिल्म के डार्क एडल्ट थीम और हिंसक कंटेंट की वजह से इसे A सर्टिफिकेट मिला। इसका सीधा असर फैमिली ऑडियंस पर पड़ा।
बड़ी बजट की फिल्मों को सिर्फ ओपनिंग वीकेंड नहीं, बल्कि कई हफ्तों तक मजबूत ऑडियंस संख्या की जरूरत होती है। ऐसे में फैमिली ऑडियंस का बड़ा हिस्सा बाहर रहना फिल्म के लंबे थिएट्रिकल रन के लिए चुनौती बन सकता है।
टॉक्सिक में यश के साथ नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया जैसे बड़े नाम भी हैं। लेकिन ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी में इन किरदारों को उतनी स्वतंत्रता नहीं मिल पाई, जितनी इतनी बड़ी स्टारकास्ट से उम्मीद की जा रही थी। ज्यादातर किरदार यश के मुख्य किरदार के आसपास घूमते नजर आए।
फिल्म के सामने रिलीज के बाद दूसरे प्रोजेक्ट्स से भी मुकाबला बढ़ा। कम बजट की भक्ति फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के दम पर ऑडियंस को आकर्षित किया। वहीं सितंबर की शुरुआत में ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज ने भी खासकर युवा ऑडियंसों और स्क्रीन शेयरिंग के मामले में टॉक्सिक पर दबाव बढ़ाया। यानी फिल्म की अपनी समस्याओं के साथ-साथ थिएटर में बढ़ता कॉम्पिटिशन भी चुनौती बन गया।
टॉक्सिक की कहानी का दूसरा बड़ा अध्याय थिएटर के बाद शुरू होता है- OTT राइट्स। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज से पहले अलग-अलग भाषाओं के डिजिटल राइट्स के लिए करीब 150 करोड़ तक के ऑफर की चर्चा थी। मेकर्स को उम्मीद थी कि फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता के बाद डिजिटल वैल्यू और ऊपर जाएगी। इसी उम्मीद में कथित तौर पर 200 करोड़ से ज्यादा की वैल्यू की उम्मीद की गई।
लेकिन थिएटर में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन न होने के बाद डिजिटल खरीदारों की दिलचस्पी भी प्रभावित होने की खबरें सामने आईं। कुछ रिपोर्ट्स में बेस ऑफर के करीब 30 करोड़ तक गिरने का दावा किया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के मेक्रस की ओर से स्ट्रीमिंग रिलीज के लिए एक री-एडिटेड कट पर भी विचार किया जा रहा है। इसमें हिंसा को कम करने और कहानी की गति को बेहतर करने की संभावना बताई गई है।
टॉक्सिक को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है। फिल्म को KVN प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका बजट 500 करोड़ है। यश के अलावा फिल्म में कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय और सुदेव नायर दिखाई देंगे। टॉक्सिक को कन्नड़ और इंग्लिश भाषा में शूट किया गया है। वहीं, इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, और मलयालम में डब करके रिलीज किया जाएगा। खास बात यह है कि हॉलीवुड के एक्शन कोरियोग्राफर जेजे पेरी भी इस फिल्म से जुड़े हैं। उन्होंने प्लैनेट ऑफ द एप्स, आयरन मैन और जॉन विक चैप्टर 2 जैसी फिल्मों में काम किया है।