
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल शहर में रहने का तरीका बदल रहा है और इसके साथ कमाई के नए रास्ते भी खुल रहे हैं। अब सिर्फ होटल ही नहीं, बल्कि लोगों के अपने घर, फार्महाउस और खाली कमरे भी मेहमानों के लिए ‘स्टे ऑप्शन’ बनते जा रहे हैं। भोपाल में तेजी से होम स्टे, एयरबीएनबी और ‘क्यूपी’ (क्विक पेइंग गेस्ट) का कल्चर बढ़ रहा है, जहां लोग अपनी प्रॉपर्टी को किराए पर देकर घर बैठे अच्छी आय कमा रहे हैं।
शहर के कोलार, केरवा रोड, होशंगाबाद रोड और आसपास के फार्महाउस एरिया में यह ट्रेंड ज्यादा देखने को मिल रहा है। वीकेंड पर सिटी से बाहर शांत माहौल की तलाश में लोग फार्महाउस बुक करते हैं, जबकि शहर के भीतर ट्रैवलर्स और स्टूडेंट्स होम स्टे या पीजी जैसे विकल्प चुन रहे हैं।
होम स्टे में घर का मालिक अपने ही घर का एक हिस्सा या पूरा घर मेहमानों को किराए पर देता है। इसमें मेहमानों को घरेलू माहौल, खाना और बेसिक सुविधाएं मिलती हैं। यह होटल की तुलना में ज्यादा किफायती और पर्सनल अनुभव देता है।
एयरबीएनबी एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां लोग अपने घर, फ्लैट या कमरे को लिस्ट कर सकते हैं। यात्री ऐप या वेबसाइट के जरिए बुकिंग करते हैं। इसमें कीमत, लोकेशन और सुविधाओं के हिसाब से विकल्प मिलते हैं, जिससे होस्ट और गेस्ट दोनों को सुविधा होती है।
क्यूपी या क्विक पेइंग गेस्ट, पीजी (पेइंग गेस्ट) का ही एक नया और फ्लेक्सिबल रूप है। इसमें लोग कम समय के लिए, बिना लंबी फॉर्मेलिटी के, तुरंत रहने की सुविधा ले सकते हैं। यह खासतौर पर स्टूडेंट्स, जॉब करने वाले युवाओं और ट्रैवलर्स के बीच लोकप्रिय हो रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, एक अच्छा लोकेशन और बेसिक सुविधाओं के साथ लोग महीने में हजारों से लेकर लाखों तक कमा रहे हैं। कई लोग इसे साइड इनकम के रूप में अपना रहे हैं, तो कुछ ने इसे फुल-टाइम बिजनेस बना लिया है।
इस ट्रेंड के साथ सुरक्षा और नियमों का पालन भी जरूरी है। पुलिस वेरिफिकेशन, गेस्ट की आईडी और स्थानीय नियमों का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
मैंने अपने घर का एक फ्लोर करीब 1 साल पहले एयरबीएनबी पर लिस्ट किया है। शुरुआत में हफ्ते में एक-दो बुकिंग मिलती थी, अब वीकेंड पर पूरा हाउसफुल रहता है। महीने में 25 से 40 हजार रुपए तक की कमाई हो जाती है। - रागिनी शर्मा, कोलार रोड
होटल के बजाय होम स्टे में रहना ज्यादा किफायती होता है। होटल में कई प्रकार के टैक्स के नाम पर बहुत ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं। खाना भी बहुत मसाले वाला होता है। वहीं होम स्टे का माहौल घर जैसा होता है। किचन में आ-जा सकते हैं, कुछ चीजें बना सकते हैं। ये लंबी स्टे के लिए बेहतर है। - आदित्य जैन, गेस्ट (पुणे)
ऐसे शुरू करें होम स्टे